हरिद्वार। जनपद हरिद्वार में पांच माह बाद दो शिक्षा अधिकारी मिल गए हैं, हालांकि अब भी मुख्य शिक्षा अधिकारी का पद रिक्त है, लेकिन, माध्यमिक शिक्षा अधिकारी को ही मुख्य शिक्षा अधिकारी का चार्ज दिया गया है। इनके कार्यभार ग्रहण करने पर राजकीय प्राथमिक शिक्षक एसोसिएशन ने स्वागत किया।
शिक्षा विभाग में जिलास्तर पर तीन शिक्षा अधिकारियों के पद सृजित किए गए हैं, लेकिन इनमें 31 अगस्त को मुख्य शिक्षा अधिकारी केके गुप्ता रिटायर हो गए थे, जबकि उनसे पहले ही पूर्व जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक शिक्षा) नरेश कुमार का ट्रांसफर कर दिया गया था। इससे एक सितंबर से हरिद्वार जनपद में माध्यमिक शिक्षा और मुख्य शिक्षा अधिकारी का पद रिक्त चल रहा था। अकेले जिला शिक्षा अधिकारी (प्रारंभिक शिक्षा) आशुतोष भंडारी तीन-तीन पदों पर कार्यभार देख रहे थे।
जिला शिक्षा अधिकारी (प्रारंभिक शिक्षा) के पद पर तैनात आशुतोष भंडारी की संयुक्त निदेशक पद पर पदोन्नति के बाद हरिद्वार में इसी पद पर पौड़ी में बतौर खंड शिक्षा अधिकारी तैनात अमित कुमार चंद को डीपीसी के बाद हरिद्वार का नया जिला शिक्षा अधिकारी (प्रारंभिक शिक्षा) और नरेश कुमार को फिर से जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) हरिद्वार के पद पर तैनाती के साथ ही मुख्य शिक्षा अधिकारी हरिद्वार का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है।
शनिवार को दोनों अधिकारियों ने कार्यभार संभाल लिया। राजकीय प्राथमिक शिक्षक एसोसिएशन हरिद्वार ने जिला अध्यक्ष जितेंद्र सिंह के नेतृत्व में दोनों अधिकारियों का स्वागत किया।
इस मौके पर डॉ. शिवा अग्रवाल, गोपाल कृष्ण भट्टाचार्य, दर्शन सिंह पंवार, राजेश कुमार, ब्लाॅक अध्यक्ष बहादराबाद अमर क्रांति, शरद भारद्वाज, रवि गोस्वामी, विनेश कुमार, अनिल शर्मा, प्रमोद अधाना आदि मौजूद रहे।