पुराना रानीपुर मोड़, रानीपुर मोड़ टिबड़ी अंडरपास पर रेंगे वाहन
संवाद न्यूज एजेंसी
हरिद्वार। जुलूस के चलते बुधवार को शहर की सड़कों पर यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। पुराना रानीपुर मोड़, रानीपुर मोड़, भगत सिंह चौक और टिबड़ी अंडरपास पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। मुख्य मार्ग पर जुलूस निकलने के कारण दोनों तरफ से आने-जाने वाले वाहनों को एक ही मार्ग से होकर गुजरना पड़ा। इसके चलते सड़क पर वाहनों का दबाव बढ़ गया और वाहन रेंग-रेंगकर आगे बढ़ते रहे।
बुधवार की दोपहर करीब साढ़े तीन बजे से जुलूस एक मार्ग से होकर गंतव्य की तरफ बढ़ता रहा जिसके चलते एक ही मार्ग पर दोनों साइड चलने वाले वाहन आ गए। ऐसे में जाम लग गया। मुख्य मार्ग पर फंसे वाहन चालकों ने जल्द निकलने के प्रयास में आसपास की गलियों का रुख कर लिया। देखते ही देखते गलियों में भी ई-रिक्शा, ऑटो, विक्रम और कारों की भीड़ जमा हो गई। इससे अंदरूनी रास्तों पर भी जाम की स्थिति बन गई।
गलियों में आमने-सामने वाहन फंसने से लोगों को निकलने के लिए काफी देर तक इंतजार करना पड़ा। सबसे ज्यादा परेशानी उन लोगों को हुई, जिन्हें रोजाना पांच मिनट में तय होने वाला सफर पूरा करने में 20 मिनट से अधिक का समय लग गया। जाम में फंसे वाहन चालक लगातार रास्ता तलाशते रहे, लेकिन मुख्य मार्ग से लेकर गलियों तक वाहनों की भीड़ के कारण राहत नहीं मिल सकी। जुलूस के दौरान यातायात को सुचारु रखने के लिए पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। एसपी सिटी दीपक सिंह का कहना है कि व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई थी।