चोरी करने के इरादे से घर में घुसे बदमाशों ने बृहस्पतिवार तड़के युवक को गोली मार दी। गोली चलने की आवाज सुनने से ग्रामीण जाग गए। जिसके बाद बदमाश मौके से भाग गए। घायल युवक को उपचार के लिए भर्ती कराया गया है। पुलिस और सीआईयू की टीम बदमाशों की तलाश में जुटी है।
सिडकुल थाना क्षेत्र के गांव हेतमपुर में बृहस्पतिवार की अलसुबह तीन बजे खेतों के बीच में बने शिवकुमार के घर में तीन बदमाश घुस गए। घर वालों को सोते हुए देखकर बदमाशों ने सामान भी समेट लिया। इसी बीच घर के अंदर आहट पाकर शिवकुमार के बेटे सितांशु की आंख खुल गई और उसने शोर मचा दिया। इस पर एक बदमाश ने सितांशु पर गोली चला दी। जिससे वह घायल हो गया। वहीं गोली चलने व सितांशु के चिल्लाने की आवाज सुनकर परिवार के बाकी लोग और आसपास के ग्रामीण भी जाग गए।
ग्रामीणों व परिजनों को देखकर बदमाश सामान भी मौके पर ही छोड़कर भाग निकले। युवक के घायल होने की सूचना मिलने पर सिडकुल थाना प्रभारी प्रमोद उनियाल मौके पर पहुंचे और युवक को अस्पताल भिजवाते हुए घटना की जानकारी ली। पुलिस ने बदमाशों की धरपकड़ के लिए कांबिग अभियान चलाया। इस दौरान आसपास के थाना व कोतवाली क्षेत्र की पुलिस की भी मदद ली गई। मगर पुलिस को कोई सफलता नहीं मिली। पुलिस अधीक्षक नगर स्वतंत्र कुमार ने बताया कि घायल युवक का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है।
घर में चोरी की नियत से घुसे बदमाशों ने सितांशु की आंख खुल जाने पर उसे खुद को पुलिसकर्मी बताया था। जब सितांशु को शक हुआ तो उसने बदमाशों को पकड़ने का प्रयास किया। जिसके बाद बदमाशों ने उसे गोली मार दी।
सिडकुल थाना क्षेत्र के गांव हेतमपुर में गांव में शिवकुमार के मकान में बदमाशों के घुसने के बाद सितांशु की आंख खुल गई थी। इस बीच उसकी नजर घर में घुसे तीन युवकों पर पड़ गई। जिसके बाद सितांशु ने इन युवकों से घर में घुसने का कारण पूछा। बताया जा रहा है कि तीनों बदमाशों ने खुद को पुलिसकर्मी बताते हुए घर में तलाशी लेने की बात ही।
जिले में गांव के बाहर बने घरों को निशाना बनाने वाला गैंग पूरी तरह से सक्रिय हैं। पथरी थाना क्षेत्र में भी बदमाश दो बार गांव के बाहर बने घरों को निशाना बना चुके हैं। पशु व्यापारी से लूट के मामले में तो पथरी पुलिस के हाथ अभी तक खाली हैं।