हरिद्वार। आरक्षण की मांग को लेकर जाट आंदोलन से सुलग रहे हरियाणा की आंच से हरिद्वार के उद्योग झुलसने लगे हैं। हरियाणा और राजस्थान से कच्चा माल यहां नहीं समय पर नहीं पहुंच पा रहा है। कच्चा माल नहीं पहुंचने से फैक्ट्रियों का उत्पादन प्रभावित होने लगा है। यदि आंदोलन लंबा खिंचा तो यहां से तैयार होने वाला माल भी डंप हो जाएगा।
हरिद्वार जनपद में छोटी-बड़ी करीब 13 सौ औद्योगिक इकाईयां हैं। अकेले सिडकुल में साढ़े पांच सौ फैक्ट्रियां हैं। हरियाणा में चल रहे जाट आंदोलन ने हरिद्वार के उद्यमियों की चिंता बढ़ा दी है। यहां संचालित हो रहे अधिकांश उद्योगों के लिए कच्चे माल की सप्लाई बाहरी प्रदेशों से होती है। यहां होने वाले उत्पाद की खपत भी बाहरी राज्यों में होती है। जाट आंदोलन के कारण राजस्थान और हरियाणा से माल पहुंच नहीं पा रहा या फिर देर से पहुंच रहा है। करीब 15 से 20 प्रतिशत तक उत्पादन प्रभावित होने का दावा उद्यमी कर रहे हैं। उद्योग जगत के एक्सपर्ट मानते हैं कि यदि जाट आंदोलन की तपिश ठंडी नहीं हुई तो रोजाना कई करोड़ का नुकसान होना तय है।
क्या कहते हैं
जाट आंदोलन का असर सिडकुल पर पड़ना शुरू हो गया है। दिल्ली एनसीआर के चपेट में आने से माल की आवाजाही प्रभावित हो रही है। ऐसे में उद्योग प्रभावित होंगे।
- अरुण राघव, वरिष्ठ उपाध्यक्ष, सिडकुल इंडस्ट्रीरियल एसोसिएशन
---------
हरियाणा के रास्ते सिडकुल में कई कंपनियों के लिए कच्चा माल आता है और यहां से तैयार माल भी इसी मार्ग से भेजा जाता है। कई ट्रक रास्ते में रुके हैं तो कुछ ट्रक देरी से पहुंच रहे हैं। माल लाने और ले जाने वाले ट्रकों को आगरा के रास्ते रूट बदलकर भेजा जा रहा है। ऐसे में किराया भी महंगा पड़ रहा है।
- हरेंद्र गर्ग, सिडकुल मैन्युफैक्चर्स एसोसिएशन
--------
- तीन ट्रेनें भी कर दी गई रद्द
- राजस्थान रोडवेज की सेवाएं भी प्रभावित
अमर उजाला ब्यूरो
हरिद्वार। हरियाणा में जाट आरक्षण आंदोलन को देखते हुए रेलवे ने भी तीन ट्रेनें रद्द कर दी। हरियाणा मार्ग पर बसों का संचालन अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। रविवार को हरियाणा से एक भी बस हरिद्वार नहीं पहुंच पाई।
वहीं हरियाणा में जाट आंदोलन के कारण ओखा एक्सप्रेस, अहमदाबाद मेल, अजमेर एक्सप्रेस रद्द रही। रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की भीड़भाड़ भी कम रही। हरियाणा रोडवेज की करीब 40 बसें हर रोज हरिद्वार पहुंचती है। वहीं राजस्थान रोडवेज की रेवाड़ी से होकर आने वाली झुनझुनु, फलौदी, बाडमेर, गंगानगर डिपो से बसें नहीं आई। इन जगहों हर रोज दस बसें आती हैं। वहीं अर्द्घकुंभ मेला प्रशासन ने भी अस्थायी रोडवेज बस अड्डों पर स्थिति सामान्य होने तक बसों का संचालन प्रभावित होने का नोटिस चस्पा कर दिए हैं। यूपी रोडवेज की हरियाणा के पानीपत, जगाधरी, रोहतक, भिवानी जाने वाली सेवाएं प्रभावित रहीं। हरियाणा जाने वाली लोग यूपी रोडवेज की बसों से चंडीगढ़ तक ही गए। हरियाणा जाने वाली बसें फिलहाल सहारनपुर तक जा रही हैं।
---------------
हरिद्वार के सैकड़ों ट्रक फंसे
हरिद्वार। सिडकुल और आसपास के उद्योगों से सामान लेकर गए करीब पांच सौ ट्रक हरियाणा आंदोलन के कारण रास्ते में फंस गए हैं। हरिद्वार गु्ड्स ट्रांसपोर्ट वेलफेयर एसोसिएशन के महासचिव नरेश शर्मा ने बताया कि हरियाणा, पंजाब, दिल्ली, केरल, आंध्र प्रदेश और तमलिनाडु आदि के लिए एक हफ्ते पहले भेजे गए ट्रक अभी तक नहीं लौटे हैं। इनमें से अधिकतर ट्रक हरियाणा के बाहरी क्षेत्रों में ही रोके गए हैं। जबकि सैकड़ों ट्रक रास्ता नहीं खुलने के इंतजार में अलग-अलग राज्यों की सीमा पर खड़े हैं।