हरिद्वार। नगर कोतवाली क्षेत्र से चार दिन पहले दो साल की बच्ची का अपहरण कर फिर छोड़कर भाग निकले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी रवि कुमार निवासी निकट राधाकृष्ण आश्रम कोतवाली ज्वालापुर को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया। पूछताछ में उसने कबूल किया कि वह नशे का आदी है और बच्ची का अपहरण भीख मंगवाने के लिए किया था।
एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि 19 फरवरी की रात गणेश घाट मायापुर निवासी महिला अपनी दो वर्षीय पुत्री के साथ तुलसी चौक स्थित एचआरडीए पार्क के फुटपाथ पर सो रही थी। रात करीब एक बजे जागने पर बच्ची गायब मिली। परिजनों ने रातभर तलाश की, लेकिन सुराग नहीं लगा। सूचना पर कोतवाली नगर पुलिस ने तुरंत रिपोर्ट दर्ज कर अलग-अलग टीमें गठित कर खोजबीन में लगाई। काफी खोजबीन के बाद 20 फरवरी को दोपहर करीब दो बजे देवपुरा क्षेत्र में ऋषिकुल तिराहे के पास बच्ची लावारिस हालत में सकुशल मिल गई। उसे जिला महिला अस्पताल भेजा गया, जहां मेडिकल परीक्षण में किसी प्रकार की आपराधिक पुष्टि नहीं हुई।
एसएसपी ने बताया कि शहर कोतवाली प्रभारी रितेश शाह की अगुवाई में पुलिस टीमों ने 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी और मैनुअल विश्लेषण के आधार पर अपहरणकर्ता के रूप में रवि कुमार की पहचान हुई। लगातार दबिश के बाद 22 फरवरी की रात मायापुर क्षेत्र में नहर पटरी के पास उसे हिरासत में ले लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह नशे का आदी है और बच्ची को दूसरे शहर ले जाकर उससे भीख मंगवाने की योजना बना रहा था, ताकि नशे के लिए पैसे जुटा सके। 20 फरवरी को ऋषिकुल तिराहे पर पुलिस की चेकिंग देखकर वह घबरा गया और बच्ची को वहीं छोड़कर फरार हो गया था।