हरिद्वार। पंचायत चुनाव के दूसरे चरण के लिए मतदाताओं का मिजाज भी अलग-अलग दिखाई दिया। देहात क्षेत्रों में तो ठंड भी मतदाताओं के कदम नहीं रोक पाई। खासकर लक्सर मार्ग के गांवों में सुबह आठ बजे से पहले ही मतदान केंद्रों पर वोट डालने के लिए कतारें लग गई थी। जबकि शहर से सटे गांवों में सुबह धीमा चला मतदान दिन बढ़ने के साथ तेज होता गया। शाम तक कई मतदान केंद्रों पर वोट डालने के लिए मतदाताओं की लाइनें लगी रहीं।
बहादराबाद और भगवानपुर ब्लॉक में सुबह आठ बजे से मतदान शुरू हो गया था। लक्सर मार्ग के धनपुरा, धारीवाला, पदार्था, एक्कड़कलां, गाड़ोवाली इब्राहिमपुर और नसीरपुर कलां और सराय आदि गांवों में सुबह सात बजे से ही लोग मतदान करने पहुंचने लगे थे। कुछ जगह तो पहला वोट कौन डालेगा इस बात को लेकर रस्साकसी रही। कुछ लोग आठ बजते ही वोट डालने पहुंचे और इसके बाद अपने काम पर निकल लिए। भगतनपुर आबिदपुर जिला पंचायत सीट के अंतर्गत आने वाले कई गांवों इब्राहिमपुर, अंबूवाला, एक्कड़कलां, एकड़ खुर्द, सुकरासा, झाबरी और डांडी आदि में भी लोगों में मतदान के दौरान ज्यादा रुझान देखा गया।
इस बार पंचायत चुनावों में मतदाताओं को घर से निकालने के लिए प्रत्याशियों की ओर से अलग-अलग जत्थे बनाए गए थे। जिनमें शामिल युवा लोगों को मतदान केंद्र तक लाने में जुटे रहे। इसके विपरीत शहर के नजदीक के गांवों, जगजीतपुर, जमालपुर कलां, सीतापुर, बहादराबाद, बौंगला, पंजनहेड़ी, मिस्सरपुर आदि गांवों सुबह धीमी गति से मतदान शुरू हुआ। धूप तेज होने के साथ ही मतदान ने जोर पकड़ा। दोपहर में यहां काफी संख्या में मतदाता घरों से निकले।