हरिद्वार। हरकी पैड़ी और उससे सटे प्रमुख घाटों की सफाई का जिम्मा अर्द्धकुंभ के दौरान भी निजी संस्थाओं के पास रहेगा। मेला प्रशासन सफाई कार्य में संस्थाओं को सहयोग देगा। कुछ अन्य घाटों पर भी निजी संस्थाओं का वर्चस्व बना रहेगा।
गौरतलब है कि पिछले कुछ वर्षों से गंगा सभा को हरकी पैड़ी के साथ मालवीय द्वीप के रखरखाव का दयित्व भी दिया गया था। भारत स्काउट को नाईसोता क्षेत्र और सेवा समिति को सुभाष घाट क्षेत्र की व्यवस्थाओं का दायित्व दिया गया था। यह तीनों संस्थाएं इन प्रमुुख घाटों को रख रखाव वर्षों से करती आ रही हैं। अब अर्द्धकुंभ पर भी संस्थाओं के जिम्मेदारी बने रहेगी। अलबत्ता मेला प्रशासन का स्वास्थ्य विभाग घाट क्षेेत्र को चमकाने में निरंतर योगदान देता। हरकी पैड़ी और मालवीय द्वीप के साथ-साथ गंगा सभा के पास कुशा घाट और गऊ घाट का दायित्व भी पूर्व की भांति बना रहेगा। इन घाटों की सफाई, धुलाई का कार्य संस्थाएं करेंगी।
मुख्य हरिद्वार क्षेत्र के हनुमान घाट, श्रवण घाट, राम घाट, विष्णु घाट, बिरला घाट, गणेश घाट आदि घाटों का दायित्व पूर्णत: निजी संस्थाओं के पास रहेगा। मायापुर से लेकर ज्वालापुर तथा भीमगोड़ा से लेकर सप्तसरोवर तक के सभी घाटों पर निजी संस्थाएं व्यवस्था संभालती आ रही हैं। अर्द्धकुंभ पर भी संस्थाओं का दायित्व बरकरार रहेगा। नगर निगम और स्वास्थ्य के कर्मचारी और अधिकारी यह सुनिश्चित करेंगे कि घाटों पर सफाई बनी रहे। इन क्षेत्रों का व्यापक चार्ट तैयार कर संस्थाओं को अवगत कराया जा चुका है। संस्थाओं ने भी अर्द्धकुंभ को देखते हुए अतिरिक्त व्यवस्थाओं को देखते हुए कर्मचारियों की संख्या बढ़ाई है।