हरिद्वार। नीलधारा में डूबे छात्र रोहन अरोड़ा का शव चौथे दिन सर्च ऑपरेशन के दौरान बरामद हुआ। जिलाधिकारी के आदेश पर पुलिस ने बिना पोस्टमार्टम के शव परिजन को सौंप दिया।
30 नवंबर को एचईसी कालेज के छात्र-छात्राओं का दल बैरागी कैंप क्षेत्र में पहुंचा था। इसी दौरान नीलधारा पार करते वक्त बीकॉम प्रथम वर्ष का छात्र रोहन अरोड़ा पुत्र राजेंद्र अरोड़ा निवासी न्यू विकास कालोनी बह गया था। तब से अब तक छात्र की खोजबीन में जल पुलिस जुटी हुई थी। बृहस्पतिवार को एसओ श्यामपुर गिरिश चंद्र शर्मा की अगुवाई में चल रहे सर्च ऑपरेशन के बाद छात्र का शव नीलधारा नदी में पत्थरों के बीच फंसा मिला। इधर शव मिलने की खबर फैलते ही परिजन, रिश्तेदार, क्षेत्रवासी एवं छात्र छात्राएं बड़ी संख्या में जिला अस्पताल पहुंच गए। एसओ ने बताया कि जिलाधिकारी के आदेश के बाद बिना पोस्टमार्टम के शव परिजन को सौंपा गया है।