कोरोना के नए वैरिएंट की बढ़ती दहशत के बीच उत्तर प्रदेश की सीमा से लगे लाहड़पुर और चिड़ियापुर में पुलिस ने हरिद्वार में प्रवेश करने वालों की कोविड जांच के लिए सघन चेकिंग शुरू कर दी है। शनिवार को लाहड़पुर में 135 और चिड़ियापुर में 570 लोगों के सैंपल लिये।
थाना श्यामपुर पुलिस लाडपुर और चिड़ियापुर बॉर्डर पर हरिद्वार जिले में प्रवेश करने वालों से मास्क पहनने की अपील कर रही है। बाहरी राज्यों के वाहनों को रोककर पूछताछ हो रही है। आशंका होने पर स्वास्थ्य विभाग की टीमें सैंपल ले रही है। थानाध्यक्ष श्यामपुर अनिल चौहान ने बताया कि वैक्सीन की दोनों डोज की रिपोर्ट दिखाने वालों को सीधे प्रवेश कराया जा रहा है। जिन्होंने कोरोना के दोनों टीके नहीं लगाए हैं, उनके सैंपल लिये जा रहे हैं। मेडिकल टीम प्रभारी पंकज कुमार ने बताया कि शनिवार को लाहड़पुर व चिड़ियापुर में 705 लोगो की एंटीजन जांच की गई। टीम प्रभारी ने बताया कि एंटीजन रिपोर्ट तत्काल आ जाती हैं। जांच में कोई पॉजिटिव नहीं मिला। यदि कोई पॉजिटिव मिलता है तो उसे एंबुलेंस से हरिद्वार मेला अस्पताल में भर्ती किया जाएगा।