जिला पंचायत की बेशकीमती की जमीन पर अवैध रूप से किया गया कब्जा।
- फोटो : HARIDWAR
जिला पंचायत की जमीन पर क्लोनाइजर की ओर से कब्जा करने के प्रयास की सूचना पर पहुंचे अधिकारियों ने भराव का काम रुकवा दिया। आरोपियों को जिला पंचायत कार्यालय में तलब किया है।
चुनाव के दौरान धनौरी रोड पर एक क्लोनाइजर ने सड़क और अपनी भूमि के बीच में स्थित जिला पंचायत की भूमि पर बालू डालकर समतलीकरण कर लिया। जमीन पर कब्जा करने का काम पिछले एक सप्ताह से चल रहा था। क्लोनाइजर अधिकारियों के चुनाव में व्यस्त होने का फायदा उठाकर आराम से जिला पंचायत की भूमि में भराव कर समतलीकरण कर रहा था। शनिवार को देर शाम जिला पंचायत के जेई उज्ज्वल चौहान और प्रधान लिपिक नीरज कुमार ने मौके पर पहुंचकर काम भराव के कार्य को बंद कराया। क्लोनाइजर को कागजातों सहित अपने कार्यालय बुलाया है। वहीं, वन विभाग पहले ही क्लोनाइजर सहित चार लोगों के खिलाफ सरकारी जमीन से बिना अनुमति पेड़ काटने का मुकदमा दर्ज कर चुका है। बहादराबाद वन चौकी के दारोगा नंद किशोर पांडेय ने बताया की चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। भराव कर रही एक ट्रैक्टर ट्रॉली सीज कर की गई है। जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी महेश कुमार बिश्नोई ने बताया कि पूरे मामले की जांच कराई जा रही है। जांच के बाद दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।