- जवानों के भोजन, सफाई और उपकरणों की देखभाल पर दिया जोर
श्यामपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने बुधवार को श्यामपुर थाने का वार्षिक निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यालय, सीसीटीएनएस प्रोजेक्ट, मालखाना, कर्मचारी मैस, बैरक और आवासीय परिसर का बारीकी से जायजा लिया। सेरिमोनियल गार्ड ने उन्हें सशस्त्र सलामी देकर स्वागत किया।
निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने साफ-सफाई की व्यवस्थाओं को संतोषजनक बताया, लेकिन गर्मी के मौसम को देखते हुए कीटनाशकों के नियमित छिड़काव और स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए। जवानों को ताजा और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने पर जोर दिया। एसएसपी ने थाना भवन के क्षतिग्रस्त कमरों और बैरकों की मरम्मत, शौचालय और स्नानागारों की कार्यशील स्थिति बनाए रखने और कर्मचारियों की सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने असलाह और आपदा राहत उपकरणों को सही स्थिति में रखने और निष्प्रयोज्य सामग्री समय पर बदलने के निर्देश दिए। विवेचकों को हाईवे पर नियमित गश्त और पेट्रोलिंग बढ़ाने, सड़क दुर्घटना मामलों में संवेदनशीलता बरतने और शवों को सम्मानपूर्वक बॉडी बैग में रखकर कार्रवाई करने पर भी जोर दिया। निरीक्षण के दौरान सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी और इंस्पेक्टर मनोहर सिंह भंडारी उपस्थित रहे।