- अपर मेलाधिकारी ने बैरागी कैंप व मायापुर फायर स्टेशन का किया निरीक्षण
बैरकों के लिए स्थलों का निरीक्षण, पहुंच और सुरक्षा पर दिया जोर
हरिद्वार। कुंभ मेले की तैयारियों के तहत प्रस्तावित बैरकों के निर्माण के लिए उपयुक्त स्थानों के चयन की प्रक्रिया भी तेज कर दी गई है। बुधवार को अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती ने अधिकारियों की टीम के साथ संभावित स्थलों का स्थलीय निरीक्षण किया। टीम ने बैरागी कैंप स्थित घोड़ा पुलिस लाइन और मायापुर स्थित फायर स्टेशन परिसर का निरीक्षण कर उपलब्ध भूमि, पहुंच मार्ग और यातायात की सुगमता का जायजा लिया। आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया की क्षमता को भी परखा। उन्होंने निर्देश दिए कि ऐसे स्थानों का चयन किया जाए, जहां पर्याप्त जगह उपलब्ध हो और भीड़भाड़ वाले हिस्सों तक कम समय में पहुंचा जा सके।अपर मेलाधिकारी ने बताया कि निरीक्षण के आधार पर विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर मेलाधिकारी को सौंपी जाएगी जिसके बाद अंतिम स्वीकृति के लिए प्रस्ताव शासन को भेजा जाएगा। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक जेआर जोशी, अधिशासी अभियंता प्रवीण कुमार सहित पुलिस, अग्निशमन और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।