- ज्वालापुर विद्युत वितरण खंड का मामला, महिला ने की शिकायत
हरिद्वार। ज्वालापुर विद्युत वितरण खंड में तैनात एक एसएसओ पर महिला से बिजली कनेक्शन के नाम पर 30 हजार रुपये लेने और विभाग में केवल 17 हजार रुपये जमा करने का मामला सामने आया है। मामले में पीड़िता का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद जांच कराई गई और बयान भी दर्ज किए गए लेकिन कार्रवाई की संस्तुति के बावजूद मामला ठंडे बस्ते में डाल दिया गया है जिससे विभागीय कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।
विष्णु लोक कॉलोनी निवासी महिला के अनुसार उसके घर का बिजली बिल बकाया था। इसी दौरान मुकेश नामक व्यक्ति उसके घर आया और 30 हजार रुपये लेकर उन्हें विभाग में जमा कराने की बात कही। बाद में पता चला कि केवल 17 हजार रुपये ही जमा किए गए हैं। दोबारा बिल आने पर बकाया देखकर महिला हैरान रह गई।
महिला ने आरोप लगाया कि उसने मेहनत-मजदूरी कर यह रकम जुटाई थी। पैसे वापस मांगने पर भी उसे राशि नहीं लौटाई गई। इसके बाद उसने अधिशासी अभियंता से शिकायत की जिस पर उसे बयान के लिए बुलाया गया। मामला सामने आने पर ऊर्जा निगम के अधिकारियों ने जांच बैठाई। एसडीओ ने जांच पूरी कर रिपोर्ट अधिशासी अभियंता को सौंप दी। सूत्रों के अनुसार, रिपोर्ट में कार्रवाई की संस्तुति की गई लेकिन इसके बावजूद मामला ठंडे बस्ते में डाल दिया गया। इसी तरह के दो अन्य मामलों में भी जांच के बाद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।अधिशासी अभियंता रवि कुमार से संपर्क करने का प्रयास किया गया लेकिन उन्होंने कॉल रिसीव नहीं की। वहीं अधीक्षण अभियंता प्रदीप चौधरी ने कहा कि उन्हें मामले की जानकारी नहीं है और संबंधित अधिकारियों से जानकारी ली जाएगी।