पुलिस आरक्षी बनने के लिए हरिद्वार में एक सिपाही की पत्नी ने ही फर्जीवाड़ा कर डाला। अपनी जगह दूसरी महिला को दौड़ और ऊंची कूद में शामिल करवाया। मगर बॉल थ्रो करने का नंबर आया तो सिपाही की पत्नी खुद आगे आ गई। सीओ निहारिका सेमवाल को उस पर शक हो गया। पूछताछ करने पर मामला पकड़ में आ गया। पड़ताल में सामने आया कि आरोपी अभ्यर्थी हरिद्वार पुलिस लाइन में ही तैनात एक सिपाही की पत्नी है। इससे हड़कंप मच गया। इसके बाद सिडकुल थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस लाइन रोशनाबाद, 40वीं बटालियन पीएसी व सशस्त्र प्रशिक्षण केंद्र में पुलिस आरक्षी और फायरमैन पद के लिए इन दिनों शारीरिक दक्षता परीक्षा का आयोजन किया जा रहा है। रोजाना 400 से अधिक अभ्यर्थी शारीरिक दक्षता परीक्षा दे रहे हैं। पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराई जा रही है। मंगलवार को पुलिस लाइन रोशनाबाद में चल रही शारीरिक दक्ष परीक्षा में एक महिला अभ्यर्थी की लंबाई नापने के साथ वजन कराया गया। इसके बाद महिला ने लंबी कूद व ऊंची कूद भी पूरी कर ली। वहीं अब बॉल थ्रो का नंबर था। यहां दूसरी महिला अभ्यर्थी पहुंची तो सीओ आपरेशन निहारिका सेमवाल को महिला अभ्यर्थी पर शक हुआ तो उन्होंने उसे पकड़ लिया। इसके बाद उससे पूछताछ की तो मामला पकड़ में आया। जिसके बाद सीओ निहारिका सेमवाल ने एसएसपी को इस मामले में अवगत कराया।
वहीं सूचना मिलने पर सिडकुल थाने से कार्यवाहक थाना प्रभारी शहजाद अली मौके पर पहुंचे और उन्होंने महिला अभ्यर्थी को हिरासत में ले लिया। इसके साथ ही टोली कमांडर ने इस मामले में अंजुुम जायरा निवासी पुलिस लाइन रोशनाबाद के खिलाफ तहरीर दी। एसएससी डॉक्टर योगेंद्र सिंह के आदेश पर महिला अभ्यर्थी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दिए। सिडकुल थाने में आरोपी महिला के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। अपनी जगह किसी दूसरी महिला को भर्ती प्रक्रिया में शामिल करने का प्लान आरोपी महिला का था, या फिर उसका पति भी इसमें शामिल है, इस बारे में भी तफ्तीश की जा रही है। यदि सिपाही की भूमिका पाई जाती है तो उस पर भी कार्रवाई होनी तय है।
भर्ती केंद्र तक कैसे पहुंची महिला
भर्ती केंद्र पर किसी भी बाहरी व्यक्ति का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंध है। यहां तक कि अभ्यर्थियों के मोबाइल लाने पर भी रोक लगाई गई है। इसके बावजूद एक महिला किसी अभ्यर्थी की जगह कूद लगाने पहुंच गई।
पुलिस लाइन में ही रहता है महिला का पति
आरोपी महिला का पति उत्तराखंड पुलिस में तैनात है और वह परिवार समेत पुलिस लाइन में ही रहता है। माना जा रहा है कि महिला पहले से ही सिपाही के घर में ठहरी होगी। वहीं से वह आसानी से भर्ती केंद्र तक पहुंच गई। वहीं, इस पूरे मामले में किसी अन्य पुलिसकर्मी की मदद तो शामिल नहीं रही, इस बारे में भी छानबीन चल रही है।
महिला अभ्यर्थी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। इसके साथ ही उससे पूछताछ की जा रही है। वहीं दूसरी महिला कौन थी और वह कैसे लाइन में पहुंची इसको लेकर भी जांच की जा रही है।
- डॉक्टर योगेंद्र सिंह रावत, एसएसपी