धनौरी-बहादराबाद मार्ग पर गंगनहर किनारे खड़े सागौन के दो पेड़ो को वन तस्करों ने काट डाला। ग्रामीण को अपनी ओर आता देख वन तस्कर लकड़ियों से लदे वाहन को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गए। ग्रामीणों की सूचना पर मौके पर पहुंची बहादराबाद पुलिस ने वन विभाग की टीम बुलाकर लकड़ी उनके सुपुर्द कर दी। वन विभाग ने लकड़ियों से लदे वाहन को सीजकर अज्ञात तस्करों के खिलाफ वन अधिनियम के तहत मुकदमा दर्जकर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
शुक्रवार रात डीपीएस कालेज दौलतपुर के पास गंगनहर किनारे सागौन के दो पेड़ो को तस्करों ने चोरी से काट लिया। जिनकी कीमत लाखो रुपये बताई जा रही है। जब वन तस्कर सागौन की लकड़ी को गाड़ी में लादकर ले जाने लगे तो उनकी गाड़ी कीचड़ में धंस कर एक पेड़ में फंस गई। इस दौरान उन्होंने गाड़ी को निकालने की पुरजोर कोशिश लेकिन उन्हें कोई कामयाबी नही मिली।
शनिवार सुबह एक ग्रामीण बाइक से अपने खेत पर जा रहा था। ग्रामीण को अपनी ओर आता देख वन तस्कर सागौन से लदी गाड़ी को मौके पर छोड़कर जंगल के रास्ते फरार हो गए। रेंजर मयंक गर्ग ने बताया कि सागौन की लकड़ियों से लदी गाड़ी को सीज कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि अज्ञात वन तस्करों के खिलाफ वन अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी गई है।