हरिद्वार। रानीपुर कोतवाली क्षेत्र में पुलिस ने सत्यापन अभियान चलाया। बिना सत्यापन किरायेदार रखने पर छह मकान मालिकों पर 60 हजार रुपये जुर्माना लगाया। मौके पर ही 46 लोगों का सत्यापन किया गया। साथ ही बिना सत्यापन किसी को भी किराये पर मकान नहीं देने की हिदायत दी।
पुलिस के अनुसार, कोतवाली प्रभारी आशुतोष राणा की अगुवाई में पुलिस टीमों ने रविवार की सुबह संजय नगर टिबड़ी और टिहरी विस्थापित कॉलोनी में अभियान चलाकर किरायेदारों, घरेलू नौकरों, मजदूरों और बाहरी व्यक्तियों का सत्यापन किया। घर-घर जाकर किरायेदारों का ब्योरा जांचा गया, होटल-ढाबों में काम करने वाले कर्मचारियों से पूछताछ की गई और ठेली-फड़ व कबाड़ी संचालकों का भी सत्यापन कराया गया।
इंस्पेक्टर आशुतोष राणा ने बताया कि मौके पर 46 किरायेदारों, मजदूरों और घरेलू नौकरों का सत्यापन किया गया। वहीं बिना सत्यापन के किरायेदार और बाहरी व्यक्तियों को रखने पर छह मकान मालिकों के खिलाफ पुलिस अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए 60 हजार रुपये के कोर्ट के चालान किए गए। सभी मकान मालिकों को अपने किरायेदारों और घरेलू सहायकों का अनिवार्य रूप से सत्यापन कराने के निर्देश दिए गए हैं। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और अपराध की संभावनाओं को रोकने के लिए यह अभियान प्रत्येक रविवार को जारी रहेगा।