- बहादराबाद कोतवाली क्षेत्र का मामला, पुलिस ने शुरू की जांच
संवाद न्यूज एजेंसी
बहादराबाद। कोतवाली क्षेत्र में चोरों ने एक दुकान का ताला तोड़कर गल्ले में रखी नकदी चोरी कर ली। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालते हुए आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, विकास कुमार निवासी बहादराबाद ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी नियति कंप्यूटर वर्क नाम से एक दुकान बहादराबाद में है। शुक्रवार दोपहर वह खाना खाने के लिए दुकान बंद कर घर चले गए थे। कुछ देर बाद वापस लौटे तो दुकान का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर जाकर देखा तो गल्ले में रखी करीब एक लाख रुपये की नकदी गायब थी। उन्होंने बताया कि दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में चोरी की पूरी घटना रिकॉर्ड हुई है।
सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया और आसपास की दुकानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। पुलिस आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।कोतवाली प्रभारी अमरजीत सिंह ने बताया कि चोरी की शिकायत मिली है। मामले की जांच की जा रही है।