- शुक्रवार दोपहर ट्रांसफार्मर में खराबी के बाद गुल हुई थी बिजली
- पेयजल के लिए भी तरसे ग्रामीण
संवाद न्यूज एजेंसी
पथरी। बादशाहपुर में बिजली का ट्रांसफार्मर फुंकने के 24 घंटे बाद भी दूसरा ट्रांसफार्मर नहीं लग सका। इससे करीब तीन हजार ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शनिवार तक बिजली आपूर्ति बहाल नहीं होने से लोगों के इन्वर्टर भी जवाब दे गए।
शुक्रवार दोपहर बादशाहपुर बस स्टैंड पर लगा 250 केवी का ट्रांसफार्मर फुंक गया था। इसके बाद शुक्रवार रात ग्रामीणों को अंधेरे में रहना पड़ा। बिजली नहीं होने से पेयजल की समस्या के साथ ही लोगों के रोजमर्रा के काम भी प्रभावित हुए।
बादशाहपुर गांव की आबादी करीब छह हजार है, जबकि ट्रांसफार्मर खराब होने से तीन हजार की आबादी प्रभावित है। श्रीपंचायती अखाड़ा बड़ा उदासीन शाखा बादशाहपुर के कोठारी महंत हनुमान दास, कारोबारी महंत विष्णु दास और पूर्व प्रधान सुशील चौहान ने ऊर्जा निगम के अधिकारियों से जल्द ट्रांसफार्मर लगाकर आपूर्ति बहाल करने की मांग की। ऊर्जा निगम की अधिशासी अभियंता गिन्नी रानी ने बताया कि दूसरा ट्रांसफार्मर मंगाया जा रहा है। उपलब्ध होते ही उसे लगाकर बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।