हरिद्वार। नगर कोतवाली के पुराना औद्योगिक क्षेत्र में हिल बाईपास मार्ग पर शुक्रवार रात मोटरसाइकिल और स्कूटी की जबरदस्त टक्कर हो गई। हादसे में स्कूटी सवार ज्वालापुर रेलवे स्टेशन में कार्यरत 34 वर्षीय टेक्नीशियन मोनित की मौत हो गई, जबकि बाइक सवार तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दो की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें एम्स रेफर कर दिया गया। एक का मेला अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, घटना शुक्रवार रात करीब 10 बजे की है। मोनित (34) पुत्र गंगाराम निवासी कापुर भट्टपुरा थाना रजतपुर जिला मुरादाबाद उत्तर प्रदेश हाल ज्वालापुर अपनी स्कूटी से ज्वालापुर से ड्यूटी के लिए हरिद्वार की ओर जा रहे थे। हिल बाईपास पर सामने से आ रही मोटरसाइकिल से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहन सड़क पर दूर तक घिसट गए और चारों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही शहर कोतवाली प्रभारी रितेश शाह टीम के साथ मौके पर पहुंचे। घायलों को निजी वाहनों से मेला अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मोनित को मृत घोषित कर दिया।
शहर कोतवाल रितेश शाह ने बताया कि हादसे में घायल बाइक सवारों की पहचान प्रदीप उर्फ भास्कर (23) पुत्र विजय निवासी टिबड़ी रानीपुर, राहुल (35) पुत्र शिवकुमार निवासी बुलंदशहर उत्तर प्रदेश र्और अंतरिक्ष (24) पुत्र बालकृष्ण बाबा निवासी टिबड़ी रानीपुर के रूप में हुई है। प्राथमिक उपचार के बाद राहुल और अंतरिक्ष की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया, जबकि प्रदीप का इलाज मेला अस्पताल में चल रहा है। वाहनों को कब्जे में जांच शुरू कर दी गई है। तहरीर आने पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।