बुआ के बेटे को बचाने के के लिए गंगा में कूदा दिल्ली का युवक डूब गया। जल पुलिस के सर्च ऑपरेशन के बाद भी युवक को कोई पता नहीं चल सका। घटना बुधवार को रोड़ीबेलवाला चौकी क्षेत्र के ठोकर नंबर एक घाट की है।
दिल्ली के आदर्श नगर का रहने वाला युवक अनमोल गुजराल (21) पुत्र संजीव गुजराल अपने बुआ के बेटे राहुल के साथ हरिद्वार आया था। दोनों युवक बुधवार को ठोकर नंबर एक पर गंगा में स्नान करने के लिए चले गए। इसी दौरान राहुल तेज बहाव की चपेट में आ गया। शोर होने पर पास में ही नहा रही एक महिला ने अपनी साड़ी फेंककर राहुल को बचा लिया, लेकिन राहुल को बचाने के लिए गंगा में कूछा अनमोल डूब गया। सूचना मिलने पर पहुंची जल पुलिस ने बुधवार से लेकर बृहस्पतिवार को दिनभर अनमोल की तलाश की, लेकिन कुछ अता पता नहीं चल सका। एसएसआई अजय सिंह ने बताया कि पानी मैटमैला होने के कारण दिक्कत हो रही है। बोट की मदद से भी सर्च ऑपरेशन चलाया गया था लेकिन कोई कामयाबी नहीं मिली।