अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष श्रीमहंत डॉ. रविंद्रपुरी ने साध्वी जीवन ज्योति को निरंजनी अखाड़े की महामंडलेश्वर बनाने की घोषणा की है। यह पदवी उन्हें सनातन धर्म संस्कृति के प्रचार-प्रसार में उनके अहम योगदान को देखते हुए दी जा रही है। शुक्रवार को निरंजनी अखाड़े में उनका स्वागत किया गया।
श्रीमहंत डॉ. रविंद्रपुरी ने निरंजनी अखाड़े में साध्वी जीवन ज्योति का मां मनसा देवी की प्रतिमा भेंटकर और चुनरी ओढ़ाकर स्वागत किया। उन्होंने साध्वी जीवन ज्योति के गुरुजनों, चक्रवर्ती महामंडलेश्वर ब्रह्मलीन उषा माता और ब्रह्मलीन महामंडलेश्वर स्वामी महादेव की परंपरा को आगे बढ़ाने की सराहना की। उन्होंने सनातन में नारी शक्ति के सम्मान और निरंजनी अखाड़े की ओर से महिला संतों को दिए जाने वाले आदर पर जोर दिया।
श्रीमहंत ने कहा कि कुंभ मेले से पहले उन्हें महामंडलेश्वर की पदवी प्रदान की जाएगी। यह समारोह अखाड़े के पंच परमेश्वर और संत समाज की मौजूदगी में होगा। महामंडलेश्वर बनने के बाद वे सनातन के प्रचार-प्रसार और अखाड़े की प्रतिष्ठा बढ़ाने में योगदान करेंगी।
UK Top News: उर्मिला के नार्को टेस्ट को मंजूरी, दून में प्रवासी सम्मेलन, ट्रेनों में भीड़, किशोरी से दुष्कर्म
साध्वी ने अखाड़ा परिषद अध्यक्ष श्रीमहंत डॉ. रविंद्रपुरी को सरल स्वभाव का संत बताया। उन्होंने कहा कि श्रीमहंत डॉ. रविंद्रपुरी सनातन जगत को एकजुट करने में अहम भूमिका निभा रहे हैं। उनके नेतृत्व में हरिद्वार कुंभ मेला भव्य और दिव्य स्वरूप में संपन्न होगा। इस अवसर पर निरंजनी अखाड़े के सचिव श्रीमहंत रामरतन गिरी, महंत दिनेश गिरी, महामंडलेश्वर स्वामी ललितानंद गिरी, महामंडलेश्वर स्वामी सत्यश्रेयानंद गिरी, महंत हरगोविंद पुरी, महंत राजगिरी, महंत सतीश वन, साध्वी पूजा ज्योति मां, जगदीश चावला, अमित वालिया आदि मौजूद रहे।