हरिद्वार। हाथ की हड्डी का इलाज कराने आई महिला की तबीयत बिगड़ने से हायर सेंटर ले जाते समय मौत हो गई। परिजनों ने कनखल के एक नामी अस्पताल के चिकित्सक पर लापरवाही के आरोप लगाते हुए अस्पताल में हंगामा काटा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया। महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मोर्चरी में भिजवा दिया गया है। परिजनों की ओर से चिकित्सक के खिलाफ तहरीर दी गई है। पुलिस ने पैनल के बीच पोस्टमार्टम कराया है। मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, ममता (48) पत्नी मुकेश निवासी हरिपुर कलां रायवाला हाथ का इलाज कराने के लिए कनखल के बुड्ढी माता स्थित एक अस्पताल आई थीं। महिला को ऑपरेशन के लिए भर्ती कर लिया गया। एनेस्थीसिया के बाद महिला की तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद महिला को आनन-फानन हायर सेंटर ले जाने के लिए कह दिया गया। एंबुलेंस से जौलीग्रांट ले जाते समय रास्ते में ही महिला की मौत हो गई।
इससे गुस्साए परिजन नामी अस्पताल पहुंच गए और डॉक्टर पर लापरवाही बरतने के आरोप लगाया। आरोप है कि डॉक्टर की लापरवाही के कारण ही महिला की मौत हुई है। हंगामे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को शांत कराया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया। थानाध्यक्ष मनोज नौटियाल ने बताया कि पैनल के बीच पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। चिकित्सक के खिलाफ तहरीर दी गई है। जिसके आधार पर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद चिकित्सक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।