हरिद्वार। ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र में एक रहने वाले व्यक्ति के बैंक खाते में सेंधमारी कर साइबर ठगों ने 4.90 लाख रुपये की रकम उड़ा दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
पुलिस के अनुसार, कमल कुमार पुत्र हीरालाल निवासी शास्त्री नगर ज्वालापुर ने पांच मई को राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल और हेल्पलाइन 1930 पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई थी। बताया कि साइबर ठगों ने उनके साथ 4 लाख 89 हजार 999 रुपये की ठगी की।
वहीं शिकायत के बाद 36 हजार 602 रुपये 46 पैसे की रकम पर लियन लगाया गया है, जिससे रकम होल्ड कराई जा सके। मामले की विवेचना प्रभारी निरीक्षक चंद्रभान सिंह अधिकारी खुद कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि साइबर पोर्टल से प्राप्त डिटेल, बैंक खातों और ट्रांजेक्शन की डिटेल खंगाली जा रही है।