कनखल के अभिषेक नगर में हुई दिल्ली के कारोबारी श्याम किशोर खन्ना की हत्या के बाद से फरार चल रहे पश्चिम बंगाल के रहने वाले दो सगे भाइयों के पुलिस की गिरफ्त में आने की चर्चा दिन भर होती रही। हालांकि, कोई पुलिस अफसर सीधे सीधे भाइयों के हत्थे चढ़ने की बात स्वीकार नहीं कर रहे हैं।
दिल्ली की गांधी गली, फतेहपुरी के रहने वाले कारोबारी श्याम किशोर खन्ना 14 को हरिद्वार आए थे। उनका यहां अभिषेक नगर में मकान हैं। मकान की सफाई के लिए वह अपने साथ दो मजदूर लेकर आए थे। 14 तारीख को उनकी अपनी पत्नी से आखिरी बार बातचीत हुई थी। उसके बाद जब पत्नी का संपर्क नहीं हुआ तब परिचित शरदपुरी को घर भेजा था। 16 तारीख को श्याम किशोर खन्ना का शव घर की पहली मंजिल पर बने शौचालय में मिला था। उनके साथ आए दो मजदूर गायब थे। एसओ कनखल नत्थीलाल उनियाल की ओर से मुकदमा दर्ज कर पुलिस उनकी तलाश में रवाना हो गई थी। पिछले कई दिन से पुलिस टीम ने पश्चिम बंगाल में डेरा डाला हुआ था।
शुक्रवार को हरिद्वार पुलिस में चर्चा होती रही कि नामजद आरोपी मजदूर शमशेर शेख व हाजिम पुत्रगण हनुशेख निवासी कटियार राजगंज उत्तर दिनाजपुर पश्चिम बंगाल लंबी पुलिस के हत्थे चढ़ गए हैं। कभी भी पुलिस उन्हें यहां लेकर पहुंच सकती है। नगर पुलिस अधीक्षक परमेंद्र डोबाल से जब इस बारे में पूछा गया तब उन्होंने कहा कि पुलिस को नामजद आरोपियों के संबंध में महत्वपूर्ण सुराग मिले है, लेकिन अभी पकड़ में नहीं आ सके है।