हरिद्वार में चल रही महिला बॉक्सिंग की राष्ट्रीय चैंपियनशिप के सेमीफाइनल मुकाबलों में बुधवार को कई रोचक भिड़ंत देखने को मिली। उत्तराखंड की दो प्रतिभावान मुक्केबाज कमला बिष्ट और कृष्णा थापा फाइनल में पहुंच गई हैं। बृहस्पतिवार को फाइनल मुकाबलों के साथ ही चैंपियनशिप का समापन भी हो जाएगा।
रोशनाबाद स्थित पुलिस लाइन में चल रही राष्ट्रीय महिला बॉक्सिग चैंपियनशिप के सेमीफाइनल में बुधवार को पहला मुकाबला 46 से 48 किग्राभार वर्ग में उत्तराखंड की कृष्णा थापा और हरियाणा की मोनिका के बीच हुआ। जिसमें कृष्णा ने मोनिका को कड़े मुकाबले में हराकर फाइनल में अपना स्थान पक्का किया। इसी भार वर्ग में रेलवे की राजेश नरवाल को मणिपुर की अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी सरजू बाला देवी ने हराकर फाइनल में स्थान प्राप्त किया। 51 किग्रा में हरियाणा की नीरजा ने तेलागंना की निखित जरीन को, रेलवे की मीनाक्षी ने उत्तराखंड की पूनम बिष्ट को हराया। 54 किग्रा में यूपी की सोनिया ने महाराष्ट्र की चंदा, हरियाणा की शिक्षा ने केरल की मीना कुमारी को हराकर फाइनल में स्थान बनाया। 57 किग्रा हरियाणा की सोनिया ने यूपी की शैली और उत्तराखंड की कमला बिष्ट ने उत्तराखंड पुलिस की सोनिया को हराकर फाइनल में स्थान पक्का किया। 60 किग्रा में हरियाणा की मोनिका ने महाराष्ट्र की भाग्यश्री व रेलवे की प्रिंयका चौधरी ने ऑल इंडिया पुलिस की प्रीति बेनिवाल को 64 किग्रा हरियाणा की ज्योति ने आंकाक्षा मिश्रा और पंजाब की सिमरनजीत कौर ने ऑल इंडिया पुलिस की सुमन को हराया, 69 किग्रा में हरियाणा की पूजा ने रेलवे की सुमन और हिमाचल की शशिकला ने सारिका कुमारी को हराकर फाइनल में स्थान बनाया।
69 किलो भार वर्ग में हरियाणा की पूजा ने रेलवे की सुमन को, हिमाचल की शशिकला ने झारखड की सारिका कुमारी को हराया। 75 किलोभार वर्ग में ऑल इंडिया पुलिस की कविता ने रेलवे की मीना रानी को, हरियाणा की बंटी ने अरुणाचल प्रदेश की रुमी गोगोई को हराया। 62 किलोभर वर्ग में ऑल इंडिया पुलिस की निर्मला ने तेलंगाना की प्रिया माधुरी को और हरियाणा की स्वीटी ने रेलवे की भाग्यवती के को शिकस्त दी। इसके अलावा 82 किलोभार वर्ग में रेलवे की सीमा पूनिया ने पंजाब की अमनदीप कौर तथा हरियाणा की स्टार खिलाड़ी कविता चहल ने दमन और दीव की दीक्षा को हराकर फाइनल में प्रवेश पाया। आयोजन सचिव डॉ. विशाल गर्ग ने बताया कि फाइनल मुकाबले बृहस्पतिवार को खेले जाएंगे।
---------------------------
हर कोई चाहे ओलंपिक की राह
हरिद्वार। हरियाणा के दादरी जिले के छोटेेे से गांव झिंझर से आई महिला बाक्सिंग नीरजा ने बताया कि वह पहली बार राष्ट्रीय चैंपियनशिप में खेलने आई है। इससे पहले वह राज्य स्तर पर कई बार स्वर्ण पदक जीत चुकी हैं। उन्होंने बताया कि उनके मम्मी पापा व भाई ने बाक्सिंग के लिए प्रेरित किया। ओलंपिक खेलना उनका लक्ष्य है।
हरियाणा के भिवानी जिले से आई पूजा ने बताया कि उसके पिता पेशे से किसान है। वह मुझे खेलने के लिए हमेशा उत्साहित करते हैं। दो बार राज्य स्तर पर चैंपियन रही पूजा राष्ट्रीय चैंपियनशिप में फाइनल में पहुंच गई हैं। ओलंपिक तक पहुंचना उनका मकसद है। हरियाणा के हिसार से रेलवे की खिलाड़ी दो बार राष्ट्रीय स्तर की चैंपियन रह चुकी है। इस बार भी वह फाइनल में पहुंच चुकी हैं। उन्होंने बताया कि उसके पिता स्वास्थ्य विभाग में सुपरवाइजर और मां भी सरकारी नौकरी में है। दोनो ही उन्हें हमेशा आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। फाइनल में पहुंची उत्तराखंड की कृष्णा थापा अपनी सफलता से उत्साहित है।