एक दशक से हरिद्वार के लिए सिरदर्द बने कुख्यात सुनील राठी ने एक बार फिर से सिर उठाया है। पिछले कुछ समय से शांत चल रहे सुनील राठी के फिर सक्रिय होने पर हरिद्वार पुलिस के होश उड़े हुए हैं। सुनील राठी के नाम से चौथ की डिमांड लगातार जिले के कारोबारियों से की जा रही है।
फिलवक्त सुनील राठी हरिद्वार जेल में है। पिछले कुछ समय पहले ही उसे दिल्ली की तिहाड़ से यहां शिफ्ट किया गया है। रुड़की गैंगवार, कुख्यात भूरा की फरारी के बाद सुनील राठी सुर्खियों में रहा। लेकिन फिर उसने खामोशी ओढ़ ली थी। अब सुनील राठी फिर से सक्रिय हो गया है। रुड़की हरिद्वार के कारोबारियों से कई लाख की डिमांड लगाता की जा रही है। धमकी भरी फोन कॉल आ रहे हैं। ये बात दिलचस्प है कि, ये कॉल जेल के अंदर से की जा रही हैं या फिर जब वह पेशी पर आता है। हरिद्वार पुलिस की उदासीनता के कारण ही सुनील राठी फिर अपनी मनमानी पर उतर आया है। वह भी हरिद्वार जेल में रहकर वह आतंक का पर्याय बना हुआ है। जेल अधीक्षक एसके सुखीजा जेल से धमकी भरे फोन होने की बात को सिरे से खारिज कर रहे हैं।
राठी गैंग में नए चेहरे
कुख्यात राठी के गैंग में कई नए चेहरे भी शामिल हुए हैं। रानीपुर क्षेत्र के रहने वाले कुछ युवा इस समय राठी से जुड़े हुए हैं। ये राठी की ही बिरादरी से ताल्लुक रखते हैं और एक युवक कुछ समय पहले ही हत्या के मामले में जेल गया था और उसकी मुलाकात तब राठी से हुई।
मां के चुनाव के लिए मांग रहा चौथ
राठी अपनी मां राजबाला के विधानसभा चुनाव के लिए चौथ की डिमांड कर रहा है। क्योंकि, उसकी मां इस बार वेस्ट यूपी में अपने गृह क्षेत्र बागपत की एक विधानसभा सीट से चुनाव लड़ रही हैं।