सिर पर बरसात का सीजन है और अभी तक भी नालों की सफाई कार्य पूरा नहीं हो सका है। अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व केके मिश्रा ने शहर के नालों निरीक्षण किया तो नगर निगम प्रशासन की सफाई व्यवस्था की पोल खुलकर सामने भी आ गई। कहीं नालों के स्लैब टूटे पड़े हुए मिले तो कहीं नाले कूड़े से अटे पड़े हुए पाए गए।
जिलाधिकारी सी रविशंकर ने शनिवार को नगर निगम में जलभराव की समस्या को लेकर कलक्ट्रेट में बैठक की थी। बैठक में नगर निगम प्रशासन ने दावा किया था कि शहर में अधिकांश नालों की सफाई हो चुकी है। कुछ नालों की सफाई का कार्य चल रहा है। बरसात से पहले सभी नालों की सफाई का काम पूरा कर लिया जाएगा। जिलाधिकारी ने अलग-अलग अधिकारियों के नेतृत्व में शहर केे नालों की सफाई का भौतिक निरीक्षण कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए थे।
रविवार को अपर जिलाधिकारी केके मिश्रा ने टीम के साथ लोधा मंडी, देवपुरा, मायापुर कैंप गोविंदपुर क्षेत्र के नालों का निरीक्षण किया। उन्होंने खुद लोधा मंडी का निरीक्षण किया तो वहां सफाई कार्य होता नहीं मिला। नाले में भारी मात्रा में कूड़ा पड़ा हुआ पाया गया। मौके पर मौजूद सफाई नायक ने बताया कि जल्द ही नाले की सफाई का कार्य शुरू कर दिया जाएगा। उन्होंने तत्काल सफाई कार्य शुरू करने के निर्देश सफाई नायक को दिए।
--------------
यहां मिली यह स्थिति
1- देवपुरा भल्ला कॉलेज के पीछे पानी की टंकी नंबर छह का नाले की सफाई नहीं हुई थी। तिराहे के पास नाले का स्लैब भी टूटा हुआ मिला।
2- पटियाला से जीएमओ बस अड्डे तक दोनों ओर का नाले के स्लैब टूट हुए मिले। नाले की सफाई नहीं हुई है।
3- सिटी मजिस्ट्रेट कार्यालय से पटियाला साइड के दोनों ओर के नाले के पास टूटे स्लैब मिले। दोनों नालों की सफाई नहीं मिली।
4- रोड धर्मशाला से भेल से आने वाले गोविंदपुरी से दोनों तरफ के नालों की होटल एलजी ग्रांड के पास नालों की सफाई नहीं मिली।
5- टाउन हॉल से बैराज कॉलोनी के नाले में राजकुमार के घर के पास नाली में कूड़ा जमा हुआ पाया गया। एक हैंडपंप के पास नाले की साइड दीवार भी टूूूटी हुई मिली।
6- रानीपुर मोड़ के पास नाले की सफाई का कार्य चल रहा था।
7- भगत सिंह चौक के पास नाले की सफाई का कार्य गतिमान मिला।
8- मेलाधिकारी आवास कार्यालय से तुलसी चौक के नाले की सफाई का कार्य पूर्ण मिला।
----------------------
कई जगह नालों की सफाई मौक पर होती नहीं मिली, कुछ नालों के स्लैब और नालों की दीवार भी टूटी हुई पाई गई। अगर समय रहते नालों की सफाई नहीं की गई तो जलभराव की समस्या उत्पन्न हो सकती है। नालों के निरीक्षण की रिपोर्ट जिलाधिकारी को भेज दी गई है।
- केके मिश्रा, अपर जिलाधिकारी, हरिद्वार