श्रमिक की मौत पर कंपनी गेट पर प्रदर्शन, परिजनों ने मांगा मुआवजा
- कंपनी के काम से जाते समय सुमननगर के पास हुआ था हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
सिडकुल। क्षेत्र स्थित एक कंपनी में कार्यरत श्रमिक ऋषिद्ध कश्यप की कंपनी के काम से जाते समय सड़क हादसे में मौत के बाद परिजनों का आक्रोश फूट पड़ा। परिजनों और भीम आर्मी एकता मिशन के कार्यकर्ताओं ने कंपनी गेट पर प्रदर्शन कर मृतक के परिवार को 70 लाख रुपये मुआवजा देने और अन्य आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की।
परिजनों के अनुसार ऋषिद्ध कश्यप पिछले पांच वर्षों से कंपनी में कार्यरत था। 13 अगस्त को कंपनी के कार्य से जाते समय सुमन नगर के पास वह सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गया था। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने आरोप लगाया कि उन्हें पर्याप्त और समय पर सूचना दिए बिना ही शव का पोस्टमार्टम करा दिया गया, जिससे परिवार में नाराजगी है।
मृतक की बहन रेणु कश्यप ने कहा कि ऋषिद्ध परिवार की जिम्मेदारियों में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा था। उसकी मौत से परिवार के सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। कंपनी को परिवार के भविष्य को देखते हुए उचित मुआवजा देना चाहिए। भीम आर्मी एकता मिशन के जिलाध्यक्ष ललित कुमार ने कहा कि मृतक के परिवार को 70 लाख रुपये मुआवजा और आश्रितों को आर्थिक सहायता दी जाए। उन्होंने कहा कि परिवार को आश्वासन नहीं, बल्कि ठोस मदद की जरूरत है। प्रदर्शन के दौरान संतराम, राहुल कुमार, सोनुमार, मोनू प्रधान, विवेक सिंह और दिनेश कुमार आदि मौजूद रहे। परिजनों ने कंपनी प्रबंधन से वार्ता कर जल्द सम्मानजनक समाधान निकालने की मांग की।