विधानसभा चुनाव की तैयारियों की प्रगति जानने के लिए गढ़वाल मंडल मंडलायुक्त रविनाथ रमन बुधवार को कलक्ट्रेट पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों को समय से पहले मतदाता सूचियां और अन्य चुनावी संबंधी कार्य पूरा करने के लिए निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि युवाओं को वोटर बनाने के लिए विशेष अभियान चलाए जाएं।
विधानसभा चुनाव को लेकर चुनाव आयोग की तैयारी की जा रही हैं। इसमें विधानसभावार आरओ और उन्हें प्रशिक्षण भी दिया जा चुका है। अब विधानसभा चुनाव के लिए मतदाता सूची तैयार करने का कार्य चल रहा है। इसमें उन युवाओं को भी जोड़ा जा रहा है, जिनकी एक जनवरी 2022 को 18 वर्ष आयु पूरी हो रही है। ऐसे युवाओं को अपना नाम मतदाता सूची में जुड़वाने के लिए 30 नवंबर तक का समय दिया गया है। इसके लिए बीएलओ को मतदान केंद्रों रहने के आदेश हैं।
बुधवार को कमिश्नर रविनाथ रमन चुनाव संबंधी तैयारियों की समीक्षा करने के लिए दोपहर 12 बजे कलक्ट्रेट पहुंचे। जहां उन्होंने अधिकारियों संग मतदाता सूचियों को लेकर जानकारी हासिल। उन्होंने कहा कि 18 वर्ष पूरी करने वाले युवाओं के नाम मतदाता सूची में जोड़ने के लिए लेखपाल, बीएलओ और अन्य अधिकारी मोहल्ले-मोहल्ले में विशेष कैंप लगाएं। जिससे कोई भी व्यक्ति मतदाता बनने से न छूटे। मतदान के लिए मतदान केंद्रों को दुरस्त कर लिया जाए। मतदान सूचियों को सौ प्रतिशत फोटोयुक्त बना ली जाए। अगर किसी के नाम और पते में त्रुटियां हैं तो उन्हें भी ठीक कर लिया जाए।
गढ़वाल मंडल आयुक्त रविनाथ रमन ने कहा कि मतदाता सूचियों में किसी भी प्रकार की कोई त्रुटि न रहे। जिससे मतदाताओं को मतदान करने में कोई परेशानी न आए। बैठक में जिलाधिकारी विनय शंकर पांडेय, अपर जिलाधिकारी प्रशासन पीएल शाह, बीर सिंह बुदियाल, एसडीएम पूरण सिंह राणा, तहसीलदार शालिनी मौर्य, सहायक निर्वाचन अधिकारी हरीश रावत आदि मौजूद रहे।