भट्टीपुर क्षेत्र में अघोषित बिजली कटौती पर ग्रामीणों में रोष, सुधार की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
पथरी। शुक्रवार को क्षेत्र में लगातार चार घंटे बिजली गुल रही है। इसके अलावा लोगों को पूरे दिन बिजली की ट्रिंपिंग से परेशानी उठानी पड़ी है। दोपहर में बारह बजे बिजली गुल हुई और शाम को चार बजे के बाद बिजली आईं हैं। जिससे लोगों के रोजमर्रा के कार्य प्रभावित हुए हैं।
भट्टीपुर स्थित बिजली घर क्षेत्र में ट्रिपिंग व अघोषित बिजली कटौती को लेकर क्षेत्र के लोगों में रोष बना हुआ है। नव भारतीय किसान संगठन उत्तराखंड के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं उत्तराखंड प्रभारी सुखदेव पाल व ग्रामीणों ने ऊर्जा निगम के अधिकारियों से क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था में सुधार किए जाने की मांग की है।
चेताया कि अगर जल्द ही बिजली आपूर्ति व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो वह किसानों के साथ संबंधित अधिकारियों का घेराव व धरना प्रदर्शन करने पर मजबूर होंगे। उनका आरोप है कि क्षेत्र में कई-कई घंटे की बिजली कटौती की जा रही है। जिससे लोग काफी परेशान हैं।
मोहन सिंह, राजकुमार, देशराज सैनी, विनोद कुमार का कहना है कि बिजली आने-जाने का कोई निर्धारित समय नहीं है। दिन में लगातार कई-कई घंटे की बिजली कटौती व ट्रिपिंग की जा रही है। चौबीस घंटे में पंद्रह सोलह घंटे ही बिजली आपूर्ति हो रही है। क्षेत्र में बिजली आपूर्ति की व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है।
क्षेत्र के नसीरपुर कलां, शाहपुर शीतलाखेड़ा, शेरपुर, बादशाहपुर, भट्टीपुर, भोवापुर चमरावल, नई कुंडी, हरसीवाला, धारीवाला, टिकोला, रानीमाजरा आदि गांवों के ग्रामीणों को बगैर बिजली के परेशानी उठानी पड़ी है। ऊर्जा निगम के एसडीओ गिन्नी रानी का कहना है कि भट्टीपुर बिजली घर क्षेत्र में बिजली की लाइनों में मरम्मत कार्य होने के दौरान बिजली आपूर्ति बंद रही हैं।