सिडकुल थाना क्षेत्र का मामला, शांतिभंग में किया चालान
संवाद न्यूज एजेंसी
हरिद्वार। सिडकुल थाना क्षेत्र के रावली महदूद में रास्ते को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी के बाद मारपीट हो गई। देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और जमकर हंगामा हुआ। मारपीट में कई लोग चोटिल हो गए। पुलिस ने दोनों पक्षों के छह लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार को रावली महदूद क्षेत्र में कुछ लोगों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। बताया जा रहा है कि एक पक्ष को दूसरे पक्ष ने रास्ते को लेकर टिप्पणी कर दी। इसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हुई और मामला धीरे-धीरे मारपीट तक पहुंच गया। दोनों पक्षों के लोग एक-दूसरे से भिड़ गए और मौके पर काफी देर तक हंगामा होता रहा।
इस दौरान धारदार हथियार से हमला किए जाने की भी बात सामने आई, जिससे एक व्यक्ति घायल हो गया। सूचना मिलते ही सिडकुल पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया। पुलिस के मुताबिक, समझाने के बावजूद आरोपी शांत नहीं हुए और एक-दूसरे से मारपीट करने पर उतारू रहे। थाना प्रभारी अजय शाह ने बताया कि अजुल, कुर्बान, रिजवान, अनस, मुजम्मिल और फैजल निवासी रावली महदूद को गिरफ्तार कर लिया गया। सभी का शांतिभंग में चालान कर दिया गया है।