हरिद्वार। केंद्र सरकार की ओर से चलाई जा रही योजनाओं की समीक्षा के लिए बनाई गई नई समिति दिशा की पहली ही बैठक में सिस्टम की खामियों का जमकर लाभ उठाने वाले दलालों की जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने खूब पोल खोली। अधिकारियों ने जहां सांसद के सामने विकास की आधी अधूरी तस्वीर पेश की, वहीं कार्यकर्ताओं ने बताया कि किस तरह आम जनता का पैसा दलालों और अधिकारियों की जेब में जा रहा है। उनका कहना था कि समाज कल्याण विभाग की ओर से बनाई जाने वाली पेंशन 1500 रुपये में और सरकारी योजनाओं में मिलने वाला मकान 15000 की रिश्वत देकर आसानी से मिल जाता है। यह सुनकर सांसद और जिलाधिकारी भौचक्के रह गए। सांसद ने इस तरह की शिकायतों पर गंभीर रुख अपनाते हुए कार्रवाई के निर्देश दिए।
केंद्र सरकार की ओर से चलाई जा रही विकास योजनाओं की समय-समय पर समीक्षा करने के लिए एक नई समिति दिशा का गठन किया गया है। जिसके अध्यक्ष सांसद होते हैं। सांसद रमेश पोखरियाल निशंक की अध्यक्षता में समिति की बैठक शनिवार को मेला नियंत्रण कक्ष के सभागार में हुई। सांसद रमेश पोखरियाल निशंक ने विभिन्न योजनाओं में समुचित प्रगति न मिलने पर अधिकारियों को फटकार लगाई। उन्होंने पाया कि पिछले साल हुई समीक्षा बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुरूप कोई भी काम नहीं किया गया। समाज कल्याण, प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना, आवास योजना समेत विकास की कई योजनाओं में सांसद ने तेजी से काम करने की जरूरत पर जोर दिया। स्वच्छ भारत मिशन पर उनका खास फोकस रहा।
समाज कल्याण की योजनाओं की समीक्षा के दौरान लक्सर के विधायक संजय गुप्ता ने कहा कि पात्र लोग पेंशन बनवाने के लिए जनप्रतिनिधियों से लेकर सरकारी दफ्तरों के चक्कर काट रहे हैं। जबकि गांव गांव में विभाग के एजेंट घूम रहे हैं। जो 1500 रुपये देने पर छह माह की पेंशन का चेक अगले ही दिन मिल जाता है। अधिकारी इस पर कुछ नहीं बोल पाए वहीं लक्सर से आए कई कार्यकर्ताओं ने सरकारी योजना के आवास आवंटन के नाम पर 15000 रुपये की खुलेआम वसूली के आरोप लगाए।
रानीपुर के विधायक आदेश चौहान ने औरंगाबाद में तीन साल से कई मृतकों के नाम पर पेंशन निकाले जाने का मामला उठाया और कहा कि बैंक मित्र द्वारा यह करोड़ों रुपये का घोटाला किए जाने के बाद भी प्रशासन ने कोई कार्रवाई नहीं की। जबकि उस पर आपराधिक मामला दर्ज किया जाना चाहिए था। समाज कल्याण अधिकारी ने कहा कि आरोपी से संबंधित धनराशि की वसूली कर ली गई है। इतना सुनते ही सांसद भड़क गए उन्होंने समाज कल्याण अधिकारी को कड़ी फटकार लगाई। जिलाधिकारी हरबंस सिंह चुघ ने एसडीएम से जांच कराने के निर्देश दिए। स्वच्छ भारत मिशन को केंद्र सरकार का अति महत्वपूर्ण अभियान बताते हुए सांसद निशंक ने कहा कि हर वार्ड और गांव में स्वयंसेवकों की टीमें बनाकर सफाई अभियान चलाया जाए। उन्होंने ऐसे गांवों और शहरी मोहल्लों को सूचीबद्ध करने के निर्देश दिए जहां के लोग खुद ही सफाई करने के लिए आगे आ रहे हैं। ऐसे लोगों को सम्मानित करने के निर्देश भी दिए। इस दौरान उन्होंने एमएनए को गंदगी मुक्त हरिद्वार बनाने के लिए बड़े पैमाने पर प्लान तैयार करने के निर्देश दिए। कच्चे रास्तों को पक्का बनाने और हर घर को शौचालयुक्त बनाने व बेरोजगारों को स्वावलंबी बनाने के मुद्दे भी उठाए गए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी सोनिका, जिला पंचायत अध्यक्ष सविता चौधरी, विधायक ममता राकेश, चंद्रशेखर भट्टेवाले, भाजपा जिलाध्यक्ष सुरेश राठौर, सांसद प्रतिनिधि ओमप्रकाश जमदग्नि, जिला महामंत्री डा. जयपाल सिंह, उपाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, अनिल अरोड़ा सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता बैठक में मौजूद रहे।