- कांगड़ी में रोडवेज बस की टक्कर से हुई थी व्यक्ति की मौत, रसियाबड़ में मासूम ने गंवाई थी जान
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
श्यामपुर। मंगलवार को हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में एक व्यक्ति और तीन वर्षीय मासूम की मौत के मामले में पुलिस फरार चालकों की तलाश में जुटी है। दोनों हादसों के बाद आरोपी चालक अपने वाहनों समेत मौके से फरार हो गए थे। पुलिस घटनास्थलों और आसपास के मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
पहला हादसा कांगड़ी के पास हरिद्वार-नजीबाबाद हाईवे पर हुआ था। यहां यूपी के बिजनौर निवासी पुष्पेंद्र (40) को सड़क पार करते समय यूपी रोडवेज बस ने टक्कर मार दी थी। अस्पताल में उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई थी। बस चालक मौके से फरार हो गया था। वहीं, दूसरा हादसा रसियाबड़ में हुआ था। बाइक सवार अंकित कुमार के परिवार को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी थी। हादसे में उनके तीन वर्षीय बेटे चिराग की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि अंकित, उनकी पत्नी माया और एक वर्षीय बेटा ध्यान घायल हो गए थे। सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी ने बताया कि दोनों मामलों में फरार चालकों की तलाश की जा रही है।