बहादराबाद। पुलिस अवैध असलहों के संबंध में जल्द ही कोई बड़ा खुलासा कर सकती है। दरअसल पुलिस के असलहा तस्कर पुलिस के हत्थे चढ़े हैं जिनके कब्जे से बड़ी संख्या मेें देसी हथियार बरामद होने की सूचना है। हालांकि पुलिस अफसर इस संबंध में कुछ भी बोलने को तैयार नहीं हैं। पिछले कुछ दिन से अवैध असलहा के धंधे में लिप्त लोगों की धरपकड़ के संबंध में बहादाबाद पुलिस कार्रवाई में जुटी हुई थी।
पुलिस सूत्रों की ही मानें तो इस दिशा में पुलिस के हाथ बड़ी कामयाबी लगी है। देहात क्षेत्र के कुछ असलहा तस्करों तक पुलिस के हाथ पहुंच गए हैं। कुछ हथियार भी मिले हैं। माना जा रहा है कि अवैध हथियारों की बड़ी खेप पुलिस के हाथ लग सकती है इसलिए अभी अंदरखाने पुलिस छानबीन और धरपकड़ के आपरेशन को अंजाम देने में जुटी है। इस समय देहात क्षेत्र के कई गांवों में पुलिस दबिश डाल रही है। कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पुलिस अवैध हथियारों के धंधे में लिप्त लोगों के संबंध में पूछताछ कर रही है। एसओ प्रदीप बिष्ट से जब इस बाबत पूछा गया तो उन्होंने कुछ भी कहने से इनकार कर दिया।