पांच नवंबर को होने वाले कार्तिक पूर्णिमा स्नान को देखते हुए पुलिस ने व्यवस्थाएं बनानी शुरू कर दी हैं। रविवार को शहर कोतवाल ने टीम के साथ रामप्रसाद गली और मनसा देवी सीढ़ी मार्ग का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मार्ग पर चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को तीन नवंबर तक कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
इंस्पेक्टर रितेश शाह ने कहा कि स्नान पर्व के दौरान लाखों श्रद्धालु हरिद्वार पहुंचते हैं ऐसे में मार्गों का सुचारू और सुरक्षित होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने मनसा देवी सीढ़ी मार्ग पर निर्माणाधीन हिस्सों को जल्द पूरा करने और रास्ते में मलबा न छोड़ने के निर्देश दिए ताकि श्रद्धालुओं को कोई असुविधा न हो। इसके अलावा उन्होंने मनसा देवी के निर्माण कार्य का भी निरीक्षण किया और वहां की व्यवस्थाओं की समीक्षा की। कोतवाल ने टीम के साथ अपर रोड पर अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई भी की। कहा कि अतिक्रमण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस दौरान हरकी पैड़ी चौकी प्रभारी संजीत कंडारी, एसआई चरण सिंह चौहान, आशीष नेगी, अनिता शर्मा आदि मौजूद रहे।