हरिद्वार। सिडकुल थाना क्षेत्र में एक मानसिक रूप से कमजोर किशोर के अचानक लापता होने से हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे खंगालते हुए कुछ ही घंटों में बच्चे को खोज लिया और परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
थाना प्रभारी नितेश शर्मा ने बताया कि बिजनौर निवासी एक परिवार रावली महदूद में किराये पर रहता है। रविवार को परिवार का एक मानसिक रूप से थोड़ा अस्वस्थ 13 वर्षीय किशोर अचानक गुम हो गया। बच्चे के माता-पिता दोनों मेहनत-मजदूरी करते हैं। बेटे के अचानक लापता हो जाने से वे बेहद परेशान हो गए। इसकी सूचना मिलते ही सूचना पर तुरंत पुलिसकर्मियों की एक टीम बच्चे की खोजबीन में लगाई गई। बच्चे की तलाश के लिए मोहल्ले से लेकर आसपास के क्षेत्रों में सर्च अभियान चलाया गया। करीब 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों को चेक किया गया, जिससे उसकी लोकेशन ट्रेस कर ली गई। उसे बहादराबाद क्षेत्र से ढूंढ़ लिया गया। इसके बाद उसे उसके माता-पिता के सुपुर्द कर दिया गया।