- आठ दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस ने दर्ज नहीं की प्राथमिकी
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
हरिद्वार। कनखल कोतवाली क्षेत्र के जमालपुर कलां में हार्डवेयर की दुकान में हुई लाखों की चोरी के मामले में आठ दिन बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं। चोरों ने दुकान से साढ़े तीन लाख रुपये की नकदी समेत लैपटॉप, एलसीडी और मोबाइल फोन चोरी कर लिया था। घटना के बाद कारोबारी ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की थी, लेकिन आठ दिन बीतने के बावजूद प्राथमिकी दर्ज नहीं हो सकी है।
जानकारी के मुताबिक, जमालपुर कलां निवासी तोहिद अंसारी की जियापोता और गाड़ोवाली मार्ग पर हीरा के नाम से हार्डवेयर की दुकान है। दो नवंबर की रात दुकान बंद कर वह घर चले गए थे। तीन नवंबर की सुबह दुकान खोलने पहुंचे तो अंदर सामान बिखरा मिला। गल्ले का ताला टूटा हुआ था और उसमें रखी आढ़ती को देने के लिए 3.50 लाख रुपये की नकदी गायब थी। इसके अलावा चोर एलसीडी, लैपटॉप और मोबाइल फोन भी ले गए थे।
आरोपी छत पर बनी ममटी का टीनशेड उखाड़कर दुकान में दाखिल हुए थे। वारदात से पहले दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की वायर काट दी गई थी और डीवीआर की सेटिंग भी बिगाड़ दी गई थी। एसपी सिटी दीपक सिंह का कहना है कि टीमें जांच में जुटी हैं।