- कनखल कोतवाली क्षेत्र का मामला, पुलिस ने शुरू की जांच
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
हरिद्वार। कनखल कोतवाली क्षेत्र में हाईवे पर एक बाइक सवार को बीड़ी जलाने के बहाने रोककर लूट कर दी गई। आरोप है कि चार-पांच युवकों ने पांच हजार की नकदी और मोबाइल फोन लूटा और फरार हो गए। घटना के बाद पीड़ित ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।
ज्वालापुर के कस्साबान निवासी कामिल के मुताबिक, वह मंगलवार की रात बाइक से हरिद्वार से अपने घर आ रहे थे। हाईवे पर गुरुकुल कांगड़ी विवि के पास पहुंचते ही एक युवक ने उन्हें हाथ देकर रोक लिया। उसने बीड़ी जलाने के लिए माचिस या लाइटर मांगा। उन्होंने लाइटर दे दिया। बीड़ी जलाकर उन्हें भी एक बीड़ी दे दी और बातचीत में उलझा लिया। इसी बीच उसके चार-पांच साथी वहां पहुंच गए और कामिल को चारों तरफ से घेर लिया। आरोप है कि युवकों ने कामिल को डराने-धमकाने के बाद उनकी जेब से पांच हजार रुपये और मोबाइल फोन निकाल लिया। इसके बाद सभी फरार हो गए। एसपी सिटी दीपक सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।