गाडोवाली गांव से पुलिस ने अवैध पटाखा फैक्टरी पकड़ी है। पुलिस को मौके से कच्चा व तैयार हुआ माल व उपकरण भी बरामद हुए हैं। इसके साथ ही तीन आरोपियों को भी मौके से गिरफ्तार कर उनके खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
पथरी थाना प्रभारी रविंद्र कुमार के मुताबिक मुखबिर ने सूचना दी कि गांव गाडोवाली में अवैध रुप से पटाखा फैक्टरी चल रही है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और यहां से ड्रम में भरा बारूद पाउडर, चुंबक, फुलझड़ी सुुखाने के लिए बनाए गए लकड़ी के उपकरण, 12 पेटी छोटी व बड़ी तैयार फुलझड़ी के पैकेट, इसके साथ ही फुलझड़ी तैयार करने के रेफर भी बरामद हुए।
पुलिस को जांच में पता चला कि पिछले कुछ दिनों से ही गांव में पटाखा बनाने का काम शुरू हुआ था। अवैध पटाखा फैक्टरी से पुलिस ने जाकिर निवासी मोहल्ला कोटरवान निकट माता मंदिर कोतवाली ज्वालापुर, अलीशेर निवासी जमालपुर कला कनखल, हारुन निवासी ग्राम सटला थाना मवाना मेरठ को गिरफ्तार किया है। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है।