हरिद्वार। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विजन जिले की बेटियों को प्रोत्साहित करेगा। केंद्र सरकार की योजना ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ कार्यक्रम के तहत हरिद्वार जिले का भी चयन किया गया है। प्रशासन की ओर से इस बारे में प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा जाएगा ताकि इस योजना को जोरदार तरीके से जिले में लागू कर बेटियों को प्रोत्साहित किया जा सके। जिले में लगातार कम हो रहे लिंगानुपात को बढ़ाने के लिए भी इस योजना का उद्देश्य है।
हरिद्वार जिले में लिंगानुपात लगातार घटता जा रहा है। इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि वर्ष 2013-14 में पुरुषों के सापेक्ष महिलाओं का अनुपात 883 था जो वर्ष 2014-15 में बढक़र 912 हो गया था, लेकिन दो महीने पहले दिसंबर में आए आंकड़ों ने और भी ज्यादा निराश कर दिया। यह संख्या इस समय 874 पाई गई है जबकि साक्षरता के हिसाब से पुरुषों का प्रतिशत 81 तो महिलाओं का 64.6 प्रतिशत है। जिले में बेटियों को प्रोत्साहित करने के लिए अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विजन सहयोगी साबित होगा।
जिलाधिकारी हरबंस सिंह चुघ ने बताया कि योजना में जिले के चयन से संबंधित आदेश प्राप्त हो गया है। सहयोगी अधिकारियों से मिलकर इस बारे में कार्ययोजना बनाई जा रही है। इस आशय का प्रस्ताव बनाकर शासन को दिया जाएगा।