रानीपुर विधायक आदेश चौहान ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेेश को कुपोषण मुक्त बनाने के लिए अनेक योजनाएं चला रही है। स्वस्थ समाज बनाने के लिए आमजन का सहयोग भी जरूरी है, जिससे प्रदेश जल्द कुपोषण से आजाद हो सके।
बृहस्पतिवार को महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास विभाग बहादराबाद परियोजना प्रथम ने दादूपुर गोविंदपुर में पोषण माह का समापन किया। इस मौके पर मुख्य अतिथि विधायक आदेश चौहान ने कहा कि गर्भवती धात्री महिलाओं और छोटे बच्चों वाले परिवार अपने पोषण का विशेष ध्यान रखें। कहा कि सरकार का मकसद हर व्यक्ति को स्वस्थ रखना है क्योंकि स्वस्थ समाज से ही स्वस्थ राष्ट्र का निर्माण हो सकता है। उन्होंने लोगों से कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की।
बाल विकास परियोजना अधिकारी सुलेखा सहगल ने कहा कि पोषण माह के प्रथम सप्ताह में पोषण वाटिका का निर्माण, दूसरे सप्ताह में योग और आयुष से सुपोषण, तीसरे सप्ताह के अंतर्गत बच्चों को पोषण किट का वितरण और चौथे सप्ताह में कुपोषित और अति कुपोषित बच्चों को चिन्हित करने का काम किया जाता है। विधायक ने पोषण माह के तहत उत्कृष्ट कार्य करने पर 25 कार्यकर्ताओं और नौ सहायिकाओं को सम्मानित किया। 12 गर्भवती की गोद भराई, नौ बच्चों का अन्नप्राशन और पांच बालिकाओं को मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट दी गई। इस मौके पर आंगनबाड़ी सुपरवाइजर नीलम, प्रीति, सुनीता, गायत्री, रेखा, शशि, उषा, विद्या, गौरी, नंदी और रितेश आदि मौजूद रहे।