हरिद्वार। पतंजलि योगपीठ के महामंत्री आचार्य बालकृष्ण ने आरोप लगाया कि पतंजलि योगपीठ के उत्पादों को बदनाम करने का प्रयास कुछ लोगों की ओर से विदेशी कंपनियों के इशारे पर किया जा रहा है।
एक बयान में आचार्य बालकृष्ण ने बताया कि सोशल मीडिया पर एक रिपोर्ट का हवाला देकर पतंजलि योगपीठ में निर्मित घी के सैंपल की जांच का हवाला देकर बदनाम करने संबंधी तथ्य दिए जा रहे हैं। बताया कि जिस सैंपल को अशुद्ध बताया जा रहा है वह अनसील्ड सैंपल था। जबकि दूसरा सैंपल सील्ड डिब्बे से लिया गया। जांच रिपोर्ट में यह पूरी तरह सही पाया गया है। जो सिद्ध करता है कि अनसील्ड वाले सैंपल से छेड़छाड़ की गई। उन्होंने आरोप लगाया यह विदेशी कंपनियों के इशारे पर किया जा रहा दुष्प्रचार है। उन्होंने कंपनी की ओर से गुणवत्ता के मानकों को शत-प्रतिशत सही अपनाने का दावा करते हुए कहा कि ऐसी अफवाहों का कंपनी की साख पर कोई फर्क पड़ने वाला नहीं है क्योंकि पतंजलि लोगों के विश्वास और गुणवत्ता का पूरा ख्याल रखती है। साथ ही उन्होंने सैंपल की जांच संबंधी दो अलग-अलग रिपोर्टें भी जारी की।