उत्तरांचल पंजाबी महासभा के प्रवीण कुमार को जिलाध्यक्ष बनाने के बाद महासभा में गुटबाजी उबर गई है। एक गुट पूर्व कैबिनेट मंत्री तिलकराज बेहड़ का तो दूसरा गुट राजीव घई का है। राजीव घई के गुट के प्रदेश महामंत्री सुनील अरोड़ा ने पत्रकार वार्ता करते हुए आरोप लगाया कि बिना प्रक्रिया के प्रवीण कुमार को अध्यक्ष बनाकर महासभा को तोड़ने का काम किया है।
शनिवार को उत्तरांचल पंजाबी महासभा ने प्रवीण कुमार को जिलाध्यक्ष घोषित कर दिया, जबकि दूसरा गुट कुछ दिन पहले ही प्रमोद पांधी को जिलाध्यक्ष बनाने की घोषणा कर चुका है। रविवार को प्रेस क्लब में पत्रकार वार्ता करते हुए प्रदेश महामंत्री सुनील अरोड़ा ने कहा कि पहले तो तिलकराज बेहड़ स्वयंभू प्रदेश अध्यक्ष बन गए। उन्होंने अब हरिद्वार जनपद में महासभा में दो फाड़ करते हुए बिना किसी प्रक्रिया के जिलाध्यक्ष नियुक्त कर दिए हैं। उन्होंने पूर्व में हुई बैठकों का हवाला देते हुए बताया कि निवर्तमान अध्यक्ष अमर कुमार का कार्यकाल समाप्त होने पर 11 सदस्यों की उपस्थिति में प्रमोद पांधी को जिलाध्यक्ष बना दिया गया था।
घई गुट के जिलाध्यक्ष प्रमोद पांधी ने कहा कि महासभा का राजनीति से कोई लेना देना नहीं है। अब दूसरे गुट ने कोर कमेटी तक नहीं बुलाई और जिलाध्यक्ष, महामंत्री नियुक्त कर दिए। उन्होंने कहा कि समाज को एकत्रित करने का काम किया जाएगा। इस मौके पर प्रदेश उपाध्यक्ष अनिल कुमार, करण मल्होत्रा, कामिनी सडाना, महेंद्र अरोड़ा, सुनील तलवार, अनिल पुरी, राजेश गुलाटी, विमलेश कुमार, राज ओबराय, राम अरोड़ा, सुरेश कोचर, भूषण अरोड़ा, चंदर धींगड़ा, शशी मनचंदा, रमेश कोचर, प्रवीण गांबा, दवेंद्र भट्टी, केतन सहगल आदि शामिल हुए।
---------------
नया संगठन बनाने की चेतावनी
पंजाबी समाज के व्यापारी नेता सुनील सेठी ने समाज में चल रही राजनीति पर रोष जताते हुए कहा कि समाज किसी की बपौती नहीं कि कुछ लोग पिछले कई सालों से हजारों पंजाबियां के नाम पर राजनीति कर अपने निजी स्वार्थ साधते आए हैं। अब भी 2022 के चुनाव को लेकर समाज को कुछ लोग बांटने का काम कर रहे हैं। कहा कि यदि ऐसा ही चलता रहा तो हरिद्वार में एक नई दिशा देने के लिए बड़ा फैसला लेकर राजनीति से दूर रखकर गैर राजनीतिक पंजाबी संगठन बनाया जाएगा।