हरिद्वार। कनखल थाना क्षेत्र में युवक की स्कूटी और मोबाइल फोन चोरी करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से मोबाइल व स्कूटी बरामद कर ली गई। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, रविवार को सत्यम राठौर पुत्र नंद किशोरी निवासी बैरागी कैंप थाना कनखल ने शिकायत दी थी। बताया था कि पहाड़ी बाजार कनखल में उसकी दुकान के बाहर स्कूटी खड़ी हुई थी। जहां से 17 मार्च की सुबह स्कूटी चोरी कर ली गई और दुकान के अंदर से मोबाइल भी चोरी कर लिया गया। इस मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरें खंगालते हुए आरोपी की तलाश शुरू कर दी गई थी।
थानाध्यक्ष चंद्रमोहन सिंह ने बताया कि खोजबीन करते हुए रविवार की देर रात चेकिंग के दौरान श्रीयंत्र पुलिया के पार से आरोपी तुषार निवासी गंगा बिहार कालोनी भूपतवाला कोतवाली नगर को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी के कब्जे से चोरी की स्कूटी व मोबाइल फोन बरामद कर लिया। कोर्ट में पेश कर आरोपी को जेल भेज दिया गया है।