- बहादराबाद कोतवाली क्षेत्र का मामला, पुलिस ने जेल भेजा
संवाद न्यूज एजेंसी
बहादराबाद। पुलिस ने चेकिंग के दौरान करीब 12 किलो प्रतिबंधित मांस के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से मांस के अलावा एक बाइक भी बरामद हुई है। पूछताछ में उसने दो अन्य साथियों के साथ भारापुर के जंगल में संरक्षित पशु काटने की बात कबूल की। उसे कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया। पुलिस अब फरार दोनों आरोपियों की तलाश में जुटी है।
पुलिस के अनुसार, मंगलवार देर रात पुलिस टीम सहदेवपुर-हलवाहेड़ी तिराहे पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। तभी घोड़ेवाला की ओर से एक बाइक आती दिखाई दी। पुलिस ने रुकने का इशारा किया तो वह वापस मुड़कर भागने लगा। इसी दौरान बाइक बंद हो गई। पुलिसकर्मियों ने उसे पकड़ लिया। तलाशी लेने पर बाइक पर रखे कट्टे के अंदर से करीब 12 किलो प्रतिबंधित मांस बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम मुबारिक निवासी ग्राम मुस्तफाबाद, कोतवाली बहादराबाद बताया।
उसने पुलिस को बताया कि उसने अपने साथी इमरान और छोटन निवासी ग्राम भारापुर के साथ भारापुर के जंगल में संरक्षित पशु का कटान किया था। वह मांस बेचने के लिए लेकर जा रहा था, जबकि उसके दोनों साथी शेष मांस लेकर बोड़ाहेड़ी की ओर गए हैं। मांस का सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा गया जबकि शेष को नष्ट कर दिया गया। एसपी सिटी दीपक सिंह ने बताया कि आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया। अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।