हरिद्वार। रानीपुर कोतवाली क्षेत्र स्थित सीआईएसएफ परिसर से कॉपर वायर चोरी करते हुए एक आरोपी को रंगेहाथ पकड़ लिया गया। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी अभिषेक निवासी ग्राम फरीदपुर मान थाना कोतवाली बिजनौर हाल सलेमपुर महदूद, रानीपुर को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से करीब दो लाख रुपये कीमत के कॉपर वायर के 14 रोल बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, बृहस्पतिवार को सीआईएसएफ भेल के निरीक्षक दयाल सिंह ने पुलिस को सूचना दी कि सीआईएसएफ कैंपस के टावर-4 के समीप एक संदिग्ध युवक को कॉपर वायर चोरी करते हुए पकड़ लिया गया है। मौके पर पहुंचे कर्मचारियों ने आरोपी को चोरी किए गए 14 रोल कॉपर वायर के साथ पुलिस के सुपुर्द किया। कोतवाली प्रभारी आशुतोष राणा ने बताया कि आरोपी की पहचान अभिषेक निवासी ग्राम फरीदपुर मान, थाना कोतवाली बिजनौर के रूप में हुई है। आरोपी के कब्जे से बरामद कॉपर वायर की अनुमानित कीमत करीब दो लाख रुपये बताई जा रही है। वरिष्ठ अभियंता मानव संसाधन (सामान्य प्रशासन) बीएचईएल रानीपुर, मनीष कुमार सिंह की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जिसे शुक्रवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा।