हरिद्वार। सिडकुल थाना क्षेत्र के ग्राम सलेमपुर महदूद में 18 फुट चौड़े कॉमन रास्ते पर कब्जा कर निर्माण करने के मामले में भूखंड स्वामी राकेश कुमार ने अधिकारियों से शिकायत की है। डीएम, एसएसपी व एसडीएम को लिखित शिकायत देकर अवैध कब्जे और नियमों की अनदेखी का आरोप लगाया है। आरोप है कि कोर्ट से सटे के बावजूद निर्माण नहीं रोका गया।
राकेश कुमार ने अधिकारियों को दी शिकायत में बताया कि उनके आवासीय भूखंड की एक दिशा में 18 फुट चौड़ा रास्ता छोड़ा गया है। इसी प्रकार दूसरी दिशा में इक्कड़ कला खुर्द निवासी एक अन्य भूखंड स्वामी के प्लॉट के लिए भी 18 फुट चौड़ा आम रास्ता निर्धारित है। यह रास्ता दोनों भूखंडों से होते हुए आगे निकलता है और लंबे समय से स्थानीय लोगों के आवागमन में उपयोग किया जा रहा है। आरोप लगाया कि कुछ लोगों ने इस रास्ते पर अवैध रूप से कब्जा कर लिया है और एचआरडीए से गलत तरीके से घर का नक्शा पास कराकर नियमों के विपरीत व्यावसायिक निर्माण कार्य कर रहे हैं। बताया कि मौके पर बेसमेंट खोदकर बड़े पैमाने पर व्यावसायिक निर्माण किया जा रहा है, जो न केवल नियमों का उल्लंघन है बल्कि सार्वजनिक रास्ते को भी अवरुद्ध कर रहा है। आरोप लगाया कि न्यायालय से स्थगन आदेश (स्टे) होने के बावजूद धड़ल्ले से निर्माण कार्य किया जा रहा है।