भगवानपुर के ग्राम किशनपुर के पास होमटेल होटल में ठहरे यमन देश के नागरिक में ओमिक्रॉन की पुष्टि हुई है। हरिद्वार में ओमिक्रॉन का पहला मामला आने के बाद स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन में हड़कंप मच गया है। हालांकि मेला अस्पताल में बनाए गए कोविड अस्पताल में भर्ती युवक की हालत सामान्य है।
16 दिसंबर को तीन यमन नागरिक भगवानपुर स्थित एक फार्मा कंपनी में विजिट के लिए आए थे। यहां वे किशनपुर स्थित होमटेल होटल में ठहरे थे। होटल प्रबंधक ने उनका कोरोना टेस्ट करवाया तो एक संक्रमित पाया गया। मामला स्वास्थ्य विभाग के संज्ञान में आया तो उन्होंने नागरिक का सैंपल जीनोम सीक्वेसिंग के लिए देहरादून भेज दिया था। वहीं होटल से लेकर जहां-जहां तीनों यमन नागरिक गए थे वहां पर उनके संपर्क में आए करीब 80 लोगों के सैंपल लिए गए थे। सभी सैंपलों की जांच रिपोर्ट निगेटिव आई थी। इसके बाद होटल को भी सील कर दिया गया था। युवक को मेला अस्पताल में बनाए गए कोविड अस्पताल में भर्ती कराया गया था। मेला अस्पताल में ही युवक का उपचार चल रहा था। सोमवार शाम को जारी की गई जांच रिपोर्ट में 28 वर्षीय युवक में ओमिक्रॉन की पुष्टि होने के बाद हड़कंप मच गया है। उधर, मेला अस्पताल के सीएमएस डॉ. राजेश गुप्ता ने बताया कि युवक का उपचार किया जा रहा है। उसकी हालत सामान्य है।
रुड़की में लंबे समय बाद मिले दो संक्रमित
रुड़की। रुड़की में लंबे समय बाद दो लोगों में कोरोना की पुष्टि हुई है। इसमें महिला आईआईटी कैंपस निवासी बताई जा रही है। जबकि दूसरा व्यक्ति शहर से सटे एक गांव निवासी है। अलग-अलग जगह कराई गई जांच में दोनों की कोविड रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। सीएमएस डॉ. संजय कंसल ने बताया कि दोनों को होम आईसोलेट कर दिया गया है। साथ ही उनके परिवार के सदस्यों की जांच भी की जा रही है। वहीं दोनों संक्रमितों के सैंपल जीनोम सीक्वेसिंग के लिए भेजे जा रहे हैं। संवाद