राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) ने जिला महिला अस्पताल में 200 बेड के निर्माण की स्वीकृति दे दी है। नए भवन के निर्माण के लिए शासन ने 38.97 करोड़ का बजट स्वीकृत किया है। दिसंबर के महीने में भवन का निर्माण काम शुरू कर दिया जाएगा।
पिछले साल दिसंबर में एनएचएम ने चैनराय जिला महिला अस्पताल में 100 बेड के निर्माण की स्वीकृति दी थी। उस दौरान 100 बेड के अस्पताल को बनाने का बजट करीब 32 करोड़ रुपये रखा गया था। तब स्वास्थ्य सचिव का मानना था कि अस्पताल में 100 बेड से ज्यादा की जरूरत होगी। इसके बाद स्वास्थ्य सचिव, स्वास्थ्य महानिदेशक, मिशन निदेशक और सीएमएस के बीच बैठक हुई।
बैठक में स्वास्थ्य सचिव ने नए भवन में कर्मचारी आवासों को शामिल न करते हुए 200 बेड के अस्पताल के लिए कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए थे। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने दो अतिरिक्त फ्लोर के साथ नए भवन का इस्टीमेट बनाकर शासन को भेजा था। इस नए भवन का बजट करीब 39 करोड़ रुपये बताया गया।
ऐसे में 100 बेड के भवन और 200 बेड के भवन के बजट में ज्यादा फर्क न होने पर शासन ने 200 बेड का भवन बनाने की स्वीकृति दे दी। उम्मीद है कि नए भवन का काम जल्द शुरू होगा। बता दें कि जिला महिला अस्पताल में अभी 12 बेड की सिक न्यूबॉर्न केयर यूनिट है। अब नए भवन में 20 बेड का एसएनसीयू बनाया जाएगा। इससे नवजात बच्चों को अस्पताल में पहले से बेहतर इलाज मिल पाएगा।
प्रशासनिक कार्यालय भी बनेेगा
जिला अस्पताल और महिला अस्पताल को आपस मर्ज कर दिया गया है। इसलिए दोनों अस्पतालों का प्रशासनिक कार्यालय इसी भवन में बनाया जाएगा। वहीं ओपीडी में इसी भवन में चलेगी।
गर्भवती महिलाओं को नहीं करना पड़ेेगा रेफर
जिला महिला अस्पताल में वर्तमान में केवल 35 बेड हैं। इसलिए जब सभी बेड भर जाते हैं तो चिकित्सकों को गर्भवती महिलाओं को रेफर करना पड़ता है। वहीं कई बार मजबूरी में एक बेड पर दो-दो गर्भवती महिलाओं को भर्ती करना पड़ता है।
जिला महिला अस्पताल में अभी तक 35 बेड हैं। अब दो सौ और बेड का निर्माण किया जाएगा। शासन से नए भवन के निर्माण की स्वीकृति मिल गई है। दिसंबर से निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
-
डॉ. एसके झा, सीएमओ, हरिद्वार