गंगा के खतरे के निशान से ऊपर जाने की बाद जायजा लेते एसडीएम ।
- फोटो : HARIDWAR
उत्तराखंड के पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश के चलते मैदानी क्षेत्रों में जलस्तर बढ़ने लगा है। इसके चलते हरिद्वार में एनडीआरएफ (नेशनल डिजास्टर रेस्क्यू फोर्स) ने मंगलवार को हरिद्वार के बाढ़ संभावित क्षेत्रों लक्सर के भिक्कमपुर व बैरागी कैंप क्षेत्र में बोट से गश्त कर गतिविधियों का जायजा लिया। इसके साथ ही पैदल भी टीम ने गश्त की।
गाजियाबाद स्थित एनडीआरएफ की आठवीं बटालियन के इंस्पेक्टर राजकिशोर के नेतृत्व में 30 सदस्यीय टीम हरिद्वार पहुंची है। टीम को पहाड़ों पर लगातार हो रही बारिश के मद्देनजर हरिद्वार में तैनात किया गया है। मंगलवार की सुबह गंगा का जलस्तर बढ़ गया। इसके बाद एनडीआरएफ की टीम अपने साजो सामान के साथ गंगा में उतरी और पूरे क्षेत्र का जायजा लिया। इंस्पेक्टर राजकिशोर ने बताया कि बैरागी क्षेत्र से लेकर भिक्कमपुर तक गंगा के किनारों पर स्थित बस्तियों के बारे में जानकारी की गई। उन्होंने बताया कि गंगा के किनारे से बस्ती और जलस्तर बढ़ने पर कितने देर में उस क्षेत्र को खाली कराना होगा। इसके बारे में पूरी जांच की गई। उन्होंने बताया कि अगले आदेशों तक टीम लगातार हरिद्वार में रहेगी और किसी भी घटना पर तुरंत मौके पर पहुंचेगी।